सियासी गलियाराहमर छत्तीसगढ़

एकलव्य विद्यालय मामले में AAP का हल्लाबोल, कलेक्टर-एसपी को हटाने की मांग; घेराव की चेतावनी

कोंडागांव। छत्तीसगढ़ के कोंडागांव जिले में एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालय शामपुर का मामला अब राजनीतिक तूल पकड़ता नजर आ रहा है। आम आदमी पार्टी ने विद्यालय की व्यवस्थाओं और जांच प्रक्रिया पर सवाल उठाते हुए जिला प्रशासन के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। पार्टी के जिलाध्यक्ष सुकू नाग ने कलेक्टर नूपुर राशि पन्ना और पुलिस अधीक्षक पंकज चंद्रा को तत्काल निलंबित करने अथवा जिले से हटाने की मांग की है। साथ ही मांग पूरी नहीं होने पर कलेक्ट्रेट और एसपी कार्यालय के घेराव की चेतावनी दी है।

प्रशासन की कार्यप्रणाली पर उठाए सवाल

आम आदमी पार्टी के जिलाध्यक्ष सुकू नाग ने आरोप लगाया कि जिले में आम जनता की शिकायतों को गंभीरता से सुनने के बजाय अपनी समस्याएं उठाने वाले लोगों के खिलाफ कार्रवाई की जा रही है। उन्होंने कहा कि प्रशासनिक अधिकारियों के कथित तानाशाही रवैये से लोगों में नाराजगी बढ़ रही है। लोकतंत्र में प्रत्येक नागरिक को अपनी बात रखने और अन्याय के खिलाफ आवाज उठाने का अधिकार है।

एकलव्य विद्यालय मामले की निष्पक्ष जांच की मांग

सुकू नाग ने शामपुर स्थित एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालय में सामने आई अव्यवस्थाओं का मुद्दा उठाया। उन्होंने कहा कि विद्यालय में भोजन की गुणवत्ता, विद्यार्थियों को मिलने वाली बुनियादी सुविधाओं और एक शिक्षिका द्वारा आत्महत्या के प्रयास जैसे गंभीर मामले सामने आए थे। पालकों और सामाजिक लोगों ने भी विद्यालय की व्यवस्थाओं को लेकर शिकायतें की थीं।

उन्होंने आरोप लगाया कि इतने गंभीर मामले के बावजूद जांच और कार्रवाई की प्रक्रिया पर सवाल बने हुए हैं। पार्टी का आरोप है कि मामले में निष्पक्ष जांच के बजाय लीपापोती की जा रही है। वहीं, शिकायत उठाने वाले सामाजिक लोगों के साथ पुलिस के कथित व्यवहार और उनके खिलाफ की गई कार्रवाई पर भी आपत्ति जताई गई है।

सांसदों और विधायकों से हस्तक्षेप की मांग

आम आदमी पार्टी ने जिले के सांसदों और विधायकों से इस पूरे मामले में हस्तक्षेप करने की अपील की है। पार्टी ने मांग की है कि कलेक्टर और पुलिस अधीक्षक को तत्काल निलंबित किया जाए या जिले से हटाने के लिए आवश्यक पहल की जाए, ताकि मामले की निष्पक्ष जांच हो सके और आम लोगों को न्याय मिल सके।

मांग पूरी नहीं हुई तो होगा कलेक्ट्रेट-एसपी कार्यालय का घेराव

सुकू नाग ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द कार्रवाई नहीं हुई और जनता को न्याय नहीं मिला तो आम आदमी पार्टी कलेक्ट्रेट एवं पुलिस अधीक्षक कार्यालय का घेराव करेगी। उन्होंने कहा कि जरूरत पड़ने पर पार्टी उग्र आंदोलन भी करेगी। इसकी पूरी जिम्मेदारी प्रशासन की होगी।

फिलहाल, आम आदमी पार्टी की इस मांग और चेतावनी के बाद कोंडागांव जिले में एकलव्य विद्यालय का मामला एक बार फिर चर्चा में आ गया है।

Show More

Related Articles

Back to top button