
न्यूजीलैंड दौरे के लिए भारतीय क्रिकेट टीम का ऐलान कर दिया गया है। BCCI की पुरुष चयन समिति ने टी20 सीरीज के लिए टीम इंडिया के साथ-साथ इंडिया ‘ए’ टीम की भी घोषणा की है। भारतीय टीम न्यूजीलैंड के खिलाफ पांच मैचों की टी20 सीरीज खेलेगी, जबकि इंडिया ‘ए’ को न्यूजीलैंड ‘ए’ के खिलाफ तीन चार दिवसीय मुकाबले खेलने हैं।
वनडे और टेस्ट सीरीज के लिए भारतीय टीम का ऐलान बाद में किया जाएगा। इस चयन में सबसे ज्यादा चर्चा अनुभवी तेज गेंदबाज भुवनेश्वर कुमार की वापसी को लेकर है। लंबे समय बाद उन्हें टी20 इंटरनेशनल टीम में जगह मिली है।
श्रेयस अय्यर संभालेंगे कप्तानी
न्यूजीलैंड के खिलाफ टी20 सीरीज में श्रेयस अय्यर को टीम की कमान सौंपी गई है। तिलक वर्मा को उपकप्तान बनाया गया है।
टीम में युवा और अनुभवी खिलाड़ियों का संतुलन देखने को मिला है। अभिषेक शर्मा, संजू सैमसन, वैभव सूर्यवंशी, ईशान किशन और अक्षर पटेल जैसे खिलाड़ियों को भी स्क्वाड में शामिल किया गया है।
भुवनेश्वर कुमार की लंबे समय बाद वापसी
भुवनेश्वर कुमार ने नवंबर 2022 में इंग्लैंड के खिलाफ टी20 विश्व कप सेमीफाइनल में अपना पिछला टी20 इंटरनेशनल मैच खेला था। इसके बाद से वह भारतीय टी20 टीम से बाहर चल रहे थे।
हालांकि, आईपीएल के पिछले दो सीजन में उनके प्रदर्शन ने चयनकर्ताओं का ध्यान खींचा। इस दौरान उन्होंने रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के लिए प्रभावी गेंदबाजी करते हुए 45 विकेट हासिल किए। गेंद को स्विंग कराने की उनकी क्षमता और अंतरराष्ट्रीय अनुभव को देखते हुए एक बार फिर उन्हें टीम में शामिल किया गया है।
टी20 टीम में चयन के बाद भुवनेश्वर कुमार को हांगकांग सिक्सेस से भी हटना पड़ेगा, जहां उन्हें हाल ही में टीम की कप्तानी की जिम्मेदारी दी गई थी।
टीम इंडिया का टी20 स्क्वाड
श्रेयस अय्यर (कप्तान), तिलक वर्मा (उपकप्तान), अभिषेक शर्मा, संजू सैमसन (विकेटकीपर), वैभव सूर्यवंशी, ईशान किशन (विकेटकीपर), अक्षर पटेल, शिवम दुबे, नीतीश कुमार रेड्डी, नमन धीर, प्रिंस यादव, मयंक यादव, अर्शदीप सिंह, भुवनेश्वर कुमार, वरुण चक्रवर्ती और कुलदीप यादव।
इंडिया ‘ए’ टीम की भी घोषणा
न्यूजीलैंड ‘ए’ के खिलाफ चार दिवसीय मुकाबलों के लिए इंडिया ‘ए’ टीम की कप्तानी ध्रुव जुरेल को सौंपी गई है। वह विकेटकीपर की भूमिका भी निभाएंगे।
टीम में यशस्वी जायसवाल, केएल राहुल, देवदत्त पडिक्कल, रविचंद्रन स्मरण, ऋषभ पंत, वाशिंगटन सुंदर, साई सुदर्शन और आकाश दीप जैसे खिलाड़ी शामिल हैं। ऋषभ पंत का चयन उनकी फिटनेस पर निर्भर रहेगा।
भारत ‘ए’ स्क्वाड: ध्रुव जुरेल (कप्तान/विकेटकीपर), यशस्वी जायसवाल, केएल राहुल, देवदत्त पडिक्कल, रविचंद्रन स्मरण, ऋषभ पंत (फिटनेस पर निर्भर), वाशिंगटन सुंदर, आकिब नबी, आकाश दीप, अंशुल कंबोज, मानव सुथार, मुकेश चौधरी, साई सुदर्शन, यश राठौड़ और मुकेश कुमार।
वनडे और टेस्ट टीम का इंतजार
न्यूजीलैंड दौरे के लिए फिलहाल टी20 और इंडिया ‘ए’ टीम की घोषणा हुई है। वनडे और टेस्ट सीरीज के लिए भारतीय स्क्वाड का ऐलान बाद में किया जाएगा। ऐसे में आने वाले दिनों में उन टीमों के चयन पर भी नजर रहेगी।



