रायपुर में अवैध डीजल परिवहन का भंडाफोड़, 7 ड्रमों में मिला 1,400 लीटर डीजल

रायपुर में अवैध गतिविधियों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए खमतराई थाना पुलिस ने बड़ी मात्रा में डीजल के अवैध परिवहन का मामला पकड़ा है। पुलिस ने एक टाटा इंट्रा वाहन से 7 ड्रमों में करीब 1,400 लीटर डीजल बरामद किया है। जब्त वाहन और डीजल समेत कुल मशरूका की कीमत करीब 6.40 लाख रुपये बताई गई है।
पुलिस के मुताबिक, 1 अक्टूबर को गश्त के दौरान मुखबिर से सूचना मिली थी कि भनपुरी की ओर से खमतराई की तरफ आ रहे मेटाडोर वाहन में बड़ी मात्रा में ज्वलनशील पदार्थ डीजल ले जाया जा रहा है। सूचना के आधार पर पुलिस ने वाहन की घेराबंदी कर जांच की।
चेकिंग के दौरान टाटा इंट्रा वाहन क्रमांक CG04UN/7617 के पीछे 7 बड़े लोहे के ड्रम मिले। प्रत्येक ड्रम में करीब 200 लीटर डीजल भरा हुआ था। पूछताछ में वाहन चालक की पहचान विजेन्द्र सिंह यादव (50) के रूप में हुई।
पुलिस के अनुसार, डीजल के परिवहन और कब्जे से संबंधित वैध दस्तावेज चालक प्रस्तुत नहीं कर सका। इसके बाद पुलिस ने डीजल और वाहन को जब्त कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
आरोपी के खिलाफ खमतराई थाने में धारा 287 बीएनएस और धारा 3, 7 ईसी एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस मामले में आगे की जांच कर रही है। पुलिस ने अवैध गतिविधियों और ज्वलनशील पदार्थों के अवैध परिवहन के खिलाफ कार्रवाई जारी रखने की बात कही है।



