NDA सांसद मैदान में; मौलाना साजिश रशीदी अब भी बयान पर कायम

नई दिल्ली. डिंपल यादव के सम्मान में, NDA सांसद मैदान में। सुनने में यह अजीब लग सकता है, लेकिन संसद परिसर में आज ऐसा ही हुआ। मौलाना साजिद रशीदी ने डिंपल यादव के मस्जिद में खुले सिर जाने को लेकर विवादित टिप्पणी की थी। अब इसी को लेकर एनडीए सांसदों ने विरोध जताया है और संसद परिसर में प्रदर्शन करते हुए उतरे। इन सांसदों का कहना था कि आखिर अखिलेश यादव और समाजवादी पार्टी के लोग मौलाना के बयान पर चुप क्यों हैं। मौलाना साजिद रशीदी ने संसद भवन परिसर के पास स्थित मस्जिद में सपा की मीटिंग को लेकर सवाल किया था।
टीवी डिबेट के दौरान बोलते हुए उन्होंने डिंपल यादव की वहां मौजूदगी पर भी सवाल उठाया था और कहा था कि क्या आपने उन्हें देखा था। इसके आगे उन्होंने विवादित बयान दिया। अब तक इस मामले में सपा के किसी बड़े नेता का बयान नहीं आया। इसी को आधार बनाते हुए एनडीए के सांसदों ने विरोध प्रदर्शन किया। इस दौरान अनुराग ठाकुर समेत कई सीनियर नेता मौजूद थे। इस मामले में सपा नेता प्रवेश यादव ने लखनऊ के गोमती नगर थाने में शिकायत भी दर्ज कराई है। वहीं मौलाना साजिद रशीदी अब भी अपने बयान पर कायम हैं। उनका कहना है कि डिंपल यादव को लेकर मैंने कुछ गलत नहीं कहा है। वह बताएं कि क्या मंदिर में भी वह बिना सिर ढके ही जाती हैं।
मौलाना साजिद रशीदी ने कहा कि मैं डिंपल यादव को लेकर किसी भी तरह का आपत्तिजनक बयान नहीं दिया है। उन्होंने कहा, ‘मैंने कोई ऐसा आपत्तिजनक बयान नहीं दिया। जो लोग सहारनपुर, मुजफ्फरनगर और मेरठ से वाकिफ हैं और जानते हैं कि अगर लड़की के सर से पल्लू हट भी जाता है तो उन्हें डांटा जाता है और कहा जाता है की नंगी घूम रही है क्या? हमारे समाज का मसला है। आपने देखा होगा पास में इकरा हसन बैठी हुई थीं, वे क्यों सिर ढके हुए थीं? डिंपल यादव साफ करें कि मंदिर ऐसे ही जाती हैं क्या?’
दरअसल सपा की मस्जिद में हुई मीटिंग को लेकर विवाद चल रहा है। इस मामले पर भाजपा ने ऐतराज जताया था तो वहीं मुस्लिम समाज के भी कुछ लोगों ने आपत्ति जताई है। इन लोगों का कहना है कि मस्जिद को सियासत का अड्डा नहीं बनाया जा सकता।



