खेल जगत

घुटना पकड़कर लंगड़ाए…IND vs USA मैच से पहले ठीक से चल भी नहीं पा रहे हर्षित राणा

टी20 वर्ल्ड कप 2026 से पहले टीम इंडिया के खिलाड़ियों की चोटों का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। अब इस लिस्ट में तेज गेंदबाज हर्षित राणा का नाम भी शामिल हो गया है। दाएं हाथ के इस पेसर को साउथ अफ्रीका के खिलाफ खेले गए वॉर्म-अप मैच के दौरान चोट लगी, जिसके बाद वे काफी परेशानी में नजर आए।

हालत ऐसी थी कि उनके लिए ठीक से दो कदम चल पाना भी मुश्किल हो गया। घुटना पकड़कर लंगड़ाते हुए हर्षित राणा की तस्वीरें जब साउथ अफ्रीका के खिलाफ वॉर्म-अप मैच में सामने आईं, तो टी20 वर्ल्ड कप 2026 में USA के खिलाफ होने वाले ओपनिंग मैच से पहले भारतीय टीम की चिंताएं और बढ़ गईं।

फिटनेस को लेकर बढ़ी चिंता

चयन को लेकर हुई आलोचनाओं के बावजूद, राणा ने पिछले 12 महीनों में टीम में अपनी जगह मजबूत कर ली है। अगर वह फिट रहते हैं, तो कुलदीप यादव के साथ प्लेइंग इलेवन में जगह के लिए मुकाबला कर सकते हैं। हालांकि, टीम प्रबंधन की सबसे बड़ी चिंता उनकी फिटनेस को लेकर होगी और यदि चोट गंभीर पाई जाती है, तो इस पर जल्द ही आधिकारिक अपडेट सामने आ सकता है। मैदान से लंगड़ाते हुए बाहर जाने से पहले राणा ने अपने एकमात्र ओवर में 16 रन खर्च किए थे।

वाशिंगटन सुंदर पहले से चोटिल

भारत पहले से ही ऑलराउंडर वाशिंगटन सुंदर की फिटनेस को लेकर परेशान है। सुंदर पिछले महीने न्यूजीलैंड के खिलाफ पहले वनडे मैच में पसली में चोट लगने के कारण पूरी टी20 सीरीज से बाहर हो गए थे। उन्होंने न तो भारत के लिए और न ही भारतीय टीम के किसी वार्म-अप मैच में हिस्सा लिया है। अब देखना यह होगा कि भारत किसी अन्य खिलाड़ी को टीम में शामिल करता है या फिर सुपर-8 मुकाबलों तक सुंदर के फिट होने का इंतजार करता है।

वहीं, तिलक वर्मा इस समय बेंगलुरु स्थित बीसीसीआई के सेंटर ऑफ एक्सीलेंस में हैं, जहां उनके वर्कलोड की निगरानी की जा रही है। हालांकि, उन्हें अभी पूरी तरह फिट घोषित नहीं किया गया है। पिछले महीने अंडकोष की सर्जरी कराने के बाद तिलक वर्मा रिकवरी के दौर से गुजर चुके हैं और दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ मुकाबले से पहले उन्होंने अमेरिका के खिलाफ इंडिया ए की ओर से भी खेला था।

Show More

Related Articles

Back to top button