रायपुर में आज भारत-जिम्बाब्वे महिला टी20 का ऐतिहासिक मुकाबला, महिलाओं को मिलेगी फ्री एंट्री

रायपुर। नवा रायपुर स्थित शहीद वीर नारायण सिंह अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम में 16 अक्टूबर को भारत और जिम्बाब्वे की महिला क्रिकेट टीमों के बीच पहला टी20 अंतरराष्ट्रीय मुकाबला खेला जाएगा। यह जिम्बाब्वे महिला टीम का पहला भारत दौरा है। भारतीय टीम की कप्तानी स्मृति मंधाना करेंगी।
मैच शाम 7 बजे शुरू होगा। दर्शक जियोहॉटस्टार पर लाइव स्ट्रीमिंग और स्टार स्पोर्ट्स नेटवर्क पर सीधा प्रसारण देख सकेंगे। खास बात यह है कि महिलाओं और बालिकाओं को स्टेडियम में निःशुल्क प्रवेश दिया जाएगा।
भारत और जिम्बाब्वे के बीच तीन टी20 मैचों की सीरीज के मुकाबले 16, 18 और 20 अक्टूबर को खेले जाएंगे। रायपुर में पहली बार अंतरराष्ट्रीय महिला क्रिकेट मैच आयोजित होने से स्थानीय क्रिकेट प्रेमियों में खासा उत्साह है।
स्मृति मंधाना की कप्तानी में भारतीय टीम इस सीरीज के साथ नए दौर की शुरुआत करेगी। मुकाबले में भारतीय खिलाड़ियों के प्रदर्शन के साथ-साथ रायपुर के दर्शकों का उत्साह भी आकर्षण का केंद्र रहेगा।



