जगदलपुर के रिटायर्ड शिक्षक से 5.90 लाख की साइबर ठगी, जामताड़ा के दो आरोपी कोलकाता से गिरफ्तार

जगदलपुर। बस्तर पुलिस ने साइबर ठगी के मामले में कार्रवाई करते हुए झारखंड के जामताड़ा से जुड़े दो आरोपियों शाहबाज अंसारी और जियाउल हक को कोलकाता से गिरफ्तार किया है। आरोपियों पर सीनियर सिटीजन पेंशन कार्ड बनवाने के नाम पर एक सेवानिवृत्त शिक्षक से 5 लाख 90 हजार रुपये की ठगी करने का आरोप है।
फेसबुक के जरिए बनाया शिकार
पुलिस के अनुसार, आरोपियों ने फेसबुक के माध्यम से पेंशन कार्ड बनवाने का झांसा देकर ठगी की थी। पीड़ित की शिकायत पर परपा थाने में मामला दर्ज किया गया। जांच में ठगी की रकम हरियाणा के एक बैंक खाते में ट्रांसफर होने और कोलकाता में एटीएम के जरिए पैसे निकाले जाने की जानकारी सामने आई।
82 एटीएम कार्ड और मोबाइल जब्त
एडिशनल एसपी सुखनंदन राठौर के मुताबिक, पुलिस टीम ने सीसीटीवी फुटेज की जांच और 200 से अधिक होटलों में पड़ताल के बाद आरोपियों की पहचान की। इसके बाद उन्हें कोलकाता से गिरफ्तार किया गया।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 82 एटीएम कार्ड, 6 मोबाइल फोन और 25 हजार रुपये नकद बरामद किए हैं। इसके अलावा कथित ठगी की रकम से ऑनलाइन खरीदे गए सामान भी जब्त किए गए हैं। पुलिस मामले में आगे की जांच कर रही है।



