हमर छत्तीसगढ़

छत्तीसगढ़ में अगले 24 घंटे भारी बारिश का अलर्ट, फिर कमजोर पड़ेगा मानसून

रायपुर। छत्तीसगढ़ में पिछले कई दिनों से लगातार हो रही बारिश ने जनजीवन को प्रभावित कर दिया है। राजधानी रायपुर समेत प्रदेश के कई जिलों में झमाझम बारिश के कारण जलभराव की स्थिति बन गई है। कई इलाकों में सड़कें पानी में डूब गईं, जबकि घने काले बादलों के कारण दिन में भी अंधेरे जैसा माहौल देखने को मिला।

मौसम विभाग के अनुसार, अगले 24 घंटे दक्षिण छत्तीसगढ़ में तेज बारिश का दौर जारी रहने की संभावना है। बस्तर संभाग के अधिकांश जिलों में अच्छी बारिश के साथ कुछ स्थानों पर भारी से बहुत भारी वर्षा हो सकती है। वहीं रायपुर, दुर्ग और मध्य छत्तीसगढ़ के कुछ जिलों में हल्की से मध्यम बारिश का सिलसिला जारी रहेगा।

मौसम वैज्ञानिकों के मुताबिक, 2 अगस्त के बाद मानसून की गतिविधियों में धीरे-धीरे कमी आने लगेगी। इसके बाद प्रदेश में बारिश का दायरा सिमट जाएगा और अधिकांश जिलों में हल्की से मध्यम वर्षा या गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ने की संभावना रहेगी।

मौसम विभाग ने लोगों से नदी-नालों, जलभराव वाले क्षेत्रों और तेज बहाव वाले स्थानों से दूर रहने की अपील की है। प्रशासन ने भी संभावित भारी बारिश को देखते हुए सतर्क रहने और आवश्यक सावधानी बरतने की सलाह दी है।

Show More

Related Articles

Back to top button