
इंग्लैंड ने चौथे T20 इंटरनेशनल मुकाबले में भारत को 9 विकेट से हराकर पांच मैचों की सीरीज में 3-0 की अजेय बढ़त बना ली। इस जीत के साथ इंग्लैंड ने पहली बार भारत के खिलाफ दो या उससे ज्यादा मैचों वाली द्विपक्षीय T20 सीरीज अपने नाम की। शानदार जीत के बाद कप्तान हैरी ब्रूक टीम के प्रदर्शन से बेहद खुश नजर आए।
ब्रूक ने भारत को मजबूत टीम बताया
मैच के बाद हैरी ब्रूक ने कहा कि भारत जैसी मजबूत टीम को हराना हमेशा खास होता है। उन्होंने कहा, ‘हमने इस मैच में हर विभाग में अच्छा प्रदर्शन किया। खिलाड़ियों ने पिच को अच्छी तरह समझा और उसी के मुताबिक अपनी रणनीति अपनाई। टीम ने अलग-अलग परिस्थितियों में अपनी स्किल्स का बेहतरीन इस्तेमाल किया, जिससे हमें जीत मिली।’
टीम के प्रदर्शन की खासियत
हैरी ब्रूक ने गेंदबाजों की भी जमकर तारीफ की। उन्होंने कहा कि जोफ्रा आर्चर और जोश टंग के बीच शानदार तालमेल है। साथ ही आर्चर लगातार स्पिन गेंदबाजों के साथ भी चर्चा करते रहते हैं। उनके मुताबिक खिलाड़ियों के बीच छोटी-छोटी बातें और बेहतर संवाद टीम के प्रदर्शन में बड़ा फर्क लाते हैं।
सीरीज को शानदार अंदाज में खत्म करने पर धयान
इंग्लैंड के कप्तान ने कहा कि अगर उनकी टीम सीरीज का आखिरी मुकाबला भी जीत जाती है तो वो T20 इंटरनेशनल की नंबर-1 टीम बन जाएगी। उन्होंने कहा, ‘दुनिया की नंबर-1 टीम बनना हमारे लिए गर्व की बात होगी। लेकिन हमारा फोकस सिर्फ अच्छी क्रिकेट खेलने और सीरीज को शानदार अंदाज में खत्म करने पर है।’
कोचिंग स्टाफ से चर्चा का फायदा
ब्रिस्टल में खेले गए इस मुकाबले में हैरी ब्रूक ने सिर्फ 35 गेंदों में नाट आउट 79 रन की तूफानी पारी खेली। अपनी बल्लेबाजी पर उन्होंने कहा कि मैच से पहले कोचिंग स्टाफ के साथ पिच और रणनीति को लेकर विस्तार से चर्चा हुई थी, जिसका फायदा मैदान पर मिला। उन्होंने यह भी कहा कि इंग्लैंड की बल्लेबाजी की सबसे बड़ी ताकत उसकी गहराई है। टीम में ऐसे बल्लेबाज मौजूद हैं जो निचले क्रम में आकर भी तेजी से रन बना सकते हैं, जिससे टीम को हर परिस्थिति में मजबूती मिलती है।



