भारत

दिल्ली को कब मिलेगी कोहरे से राहत, 7 राज्यों में बारिश की आफत; IMD ने क्या कहा

साल 2025 का अंत बारिश और ठंड की दोहरी मार से होने के आसार हैं। IMD यानी भारत मौसम विज्ञान विभाग ने पहाड़ी राज्यों में बर्फबारी और उत्तर पश्चिम भारत के कुछ प्रदेशों में बारिश की संभावनाएं जताई हैं। इधर, राजधानी दिल्ली की मंगलवार की सुबह भी कोहरे में हुई। इसके अलावा उत्तर प्रदेश, बिहार समेत कई राज्य घने कोहरे का सामना करेंगे। वहीं, ओडिशा के कुछ हिस्सों में 31 दिसंबर तक शीत लहर की संभावनाएं जताई जा रही हैं।

IMD ने मंगलवार को बताया कि पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़ और पश्चिम राजस्थान में 30 दिसंबर को हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। वहीं, जम्मू और कश्मीर, गिलगिट, बाल्टिस्तान, मुजफ्फराबाद, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में 30 दिसंबर से 2 जनवरी तक छिटपुट बारिश या बर्फबारी के आसार हैं।

यहां छाया रहेगा कोहरा

बहुत घना कोहरा- 31 दिसंबर तक हरियाणा, चंडीगढ़, पश्चिम उत्तर प्रदेश और पंजाब के कुछ हिस्सों में सुबह और शाम के समय बहुत घना कोहरा छा सकता है। ऐसा ही मौसम 1 जनवरी को पूर्वी उत्तर प्रदेश, 31 दिसंबर से 2 जनवरी तक ओडिशा में देखा जा सकता है।

घना कोहरा- 5 जनवरी तक उत्तराखंड, पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़, उत्तर प्रदेश, बिहार में 5 जनवरी, दिल्ली, अरुणाचल प्रदेश में 31 दिसंबर तक, उप हिमालयी पश्चिम बंगाल, सिक्किम, ओडिशा में 3 जनवरी तक, गंगीय पश्चिम बंगाल में 31 दिसंबर से 3 जनवरी तक और झारखंड में 31 दिसंबर तक घने कोहरे के आसार हैं।

31 दिसंबर और 1 जनवरी को हिमाचल प्रदेश के कुछ हिस्सों में शीत दिवस की संभावनाएं हैं। मौसम विभाग ने बताया है कि 30 दिसंबर को पश्चिम उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड, बिहार, पूर्वी उत्तर प्रदेश में शीत दिवस हो सकता है।

कैसा रहेगा मौसम

IMD ने कहा है कि उत्तर पश्चिम भारत में अगले 2 दिनों के दौरान न्यूनतम तापमान 3-4 डिग्री सेल्सियस बढ़ सकता है। जबकि, इसके 3 दिन बाद 2-3 डिग्री सेल्सियस गिरावट देखी जा सकती है। मध्य भारत में न्यूनतम तापमान 2-3 डिग्री सेल्सियस बढ़ सकता है। पूर्वी भारत में अगले 24 घंटों में 2-3 डिग्री सेल्सियस तापमान बढ़ सकता है। जबकि, इसके बाद 5 दिनों में झारखंड में इजाफा होने के आसार हैं।

Show More

Related Articles

Back to top button