हमर छत्तीसगढ़

‘खेले बर आगू आहू, सरगुजा के मान बढ़ाहू’ के संदेश के साथ संभाग स्तरीय सरगुजा ओलंपिक का भव्य शुभारंभ

रायपुर । उप मुख्यमंत्री एवं खेल तथा युवा कल्याण मंत्री अरुण साव ने शुक्रवार को अंबिकापुर के पीजी कॉलेज मैदान में संभाग स्तरीय सरगुजा ओलंपिक का भव्य शुभारंभ किया। ‘खेले बर आगू आहू, सरगुजा के मान बढ़ाहू’ के प्रेरक संदेश के साथ आयोजित इस खेल महोत्सव में खिलाड़ियों का उत्साह देखने को मिला। सरगुजा ओलंपिक के लिए इस वर्ष 4 लाख 16 हजार 813 युवाओं ने पंजीयन कराया है।

शुभारंभ समारोह में पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री राजेश अग्रवाल, विधायक प्रबोध मिंज और रामकुमार टोप्पो भी शामिल हुए। इस अवसर पर उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने कहा कि सरगुजा ओलंपिक केवल खिलाड़ियों को तैयार करने का माध्यम नहीं, बल्कि युवाओं को स्वस्थ, अनुशासित, आत्मविश्वासी और बेहतर इंसान बनाने का मंच भी है। उन्होंने सभी प्रतिभागियों को बधाई देते हुए कहा कि सरगुजा की प्रतिभाएं खेल के माध्यम से अपनी पहचान बना रही हैं।

उन्होंने कहा कि राज्य सरकार खिलाड़ियों की प्रतिभा को निखारने और उन्हें बेहतर अवसर उपलब्ध कराने के लिए लगातार प्रयास कर रही है। स्पोर्ट्स कॉन्क्लेव के माध्यम से खेल विकास का रोडमैप तैयार किया जा रहा है। छत्तीसगढ़ देश का पहला राज्य है, जिसने हॉकी लीग का आयोजन किया है। मुख्यमंत्री खेल उत्कर्ष योजना के लिए 100 करोड़ रुपए का बजट प्रावधान किया गया है, जबकि स्पोर्ट्स साइंस और खेल अधोसंरचना के विकास के लिए 250 करोड़ रुपए से अधिक की राशि से कार्य किए जा रहे हैं।

उप मुख्यमंत्री ने कहा कि ग्रामीण और दूरस्थ अंचलों के प्रतिभावान खिलाड़ियों को आगे बढ़ने के अवसर देने के लिए प्रदेश में खेल सुविधाओं का विस्तार किया जा रहा है। छत्तीसगढ़ के खिलाड़ी राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर उपलब्धियां हासिल कर रहे हैं और सरकार उन्हें प्रोत्साहित कर रही है। खेलो इंडिया जैसी योजनाओं के माध्यम से भी खिलाड़ियों की प्रतिभा को निखारा जा रहा है।

उन्होंने कहा कि वर्ष 2047 तक विकसित भारत के लक्ष्य के अनुरूप खेल क्षेत्र में बेहतर सुविधाएं विकसित की जा रही हैं। आने वाले समय में प्रदेश के खिलाड़ी राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर और अधिक उपलब्धियां हासिल करेंगे।

सरगुजा में जल्द शुरू होगी खेल अकादमी

अरुण साव ने कहा कि खेल मैदान से कोई भी व्यक्ति खाली हाथ नहीं लौटता। खेल से आत्मविश्वास, अच्छा स्वास्थ्य, अनुशासन, योग्यता और सम्मान मिलता है। उन्होंने घोषणा की कि सरगुजा में शीघ्र ही खेल अकादमी शुरू की जाएगी, जिससे स्थानीय खिलाड़ियों को बेहतर प्रशिक्षण और आगे बढ़ने के अवसर मिलेंगे। शुभारंभ के अवसर पर जशपुर और बलरामपुर की टीमों के बीच रस्साकसी प्रतियोगिता भी आयोजित की गई।

संस्कृति मंत्री राजेश अग्रवाल ने खिलाड़ियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि गांव के खेल मैदान से शुरू होने वाला सफर खिलाड़ियों को बेहतर भविष्य की ओर ले जा सकता है। सरगुजा में प्रतिभाओं की कमी नहीं है और सरगुजा ओलंपिक उन्हें अपनी क्षमता प्रदर्शित करने का अवसर दे रहा है। उन्होंने खिलाड़ियों से उत्साह के साथ प्रतियोगिताओं में भाग लेने और उत्कृष्ट प्रदर्शन करने का आह्वान किया।

समारोह में विधायक प्रबोध मिंज ने भी संबोधित किया। सरगुजा जिला पंचायत अध्यक्ष निरूपा सिंह, उपाध्यक्ष देवनारायण यादव, अंबिकापुर नगर निगम महापौर मंजूषा भगत, सभापति हरमिंदर सिंह टिन्नी, खेल एवं युवा कल्याण विभाग के सचिव यशवंत कुमार, संचालक आकांक्षा शिक्षा खलखो, पुलिस अधीक्षक राजेश अग्रवाल, जिला पंचायत सीईओ रोमा श्रीवास्तव सहित जनप्रतिनिधि, अधिकारी और बड़ी संख्या में खिलाड़ी मौजूद रहे।

Show More

Related Articles

Back to top button