BCCI ने बांग्लादेश का दौरा किया रद्द, 2026 तक नहीं खेली जाएगी टी20 और वनडे सीरीज

नई दिल्ली: भारत का बांग्लादेश दौरा रद्द कर दिया गया है। इस फैसले की आधिकारिक घोषणा जल्द की जाएगी। हालांकि इसे औपचारिक रूप से एक साल के लिए टालने (स्थगित) की बात कही गई है। बीसीसीआई और बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड (BCB) की ओर से इसका संयुक्त बयान आने की संभावना है।
क्रिकबज की रिपोर्ट के अनुसार, भारत और बांग्लादेश के बीच मौजूदा कूटनीतिक स्थिति को देखते हुए बीसीसीआई ने टीम को बांग्लादेश ना भेजने का फैसला लिया है। इस दौरे में भारत को तीन वनडे और तीन टी20 मैच खेलने थे। तीन वनडे 17, 20 और 23 अगस्त को और तीन टी20 अंतरराष्ट्रीय मुकाबले 26, 29 और 31 अगस्त को खेले जाने थे। ये मैच मीरपुर और चटग्राम में होने थे। लेकिन अब यह सीरीज 2026 के सितंबर तक नहीं खेली जाएगी।
बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड ने कहा है कि वह भारत का स्वागत सितंबर 2026 में इस बहुप्रतीक्षित श्रृंखला के लिए करेगा। दौरे की नई तारीखें और कार्यक्रम समय आने पर घोषित किए जाएंगे। यह फैसला ऐसे समय में आया है जब कुछ दिन पहले ही बीसीबी अध्यक्ष अमीनुल इस्लाम ने दौरे को लेकर चल रही अनिश्चितता पर बयान दिया था। अब जब यह दौरा स्थगित कर दिया गया है, तो संभावना है कि भारत के शीर्ष खिलाड़ी अगस्त में शुरू होने वाली दलीप ट्रॉफी में खेलते नज़र आएंगे, जिससे भारतीय घरेलू सत्र की शुरुआत होगी।



