भारत

पीएम मोदी से बातचीत में भावुक हुए कैप्टन स्मित, बोले- ‘हनुमान चालीसा ने हौसला दिया’

फ्लाईदुबई विमान में हुई भयावह घटना के बाद घायल भारतीय कैप्टन स्मित मच्छार से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बातचीत की और उनके स्वास्थ्य की जानकारी ली। प्रधानमंत्री ने कैप्टन के साहस और सूझबूझ की सराहना करते हुए कहा कि गंभीर चोटों के बावजूद उन्होंने यात्रियों की सुरक्षा को प्राथमिकता दी।

बातचीत के दौरान कैप्टन स्मित ने बताया कि घायल होने के बाद भी उन्हें महसूस हो रहा था कि विमान के भीतर हालात बिगड़ रहे हैं। उन्होंने कहा कि अगर वह कुछ नहीं करते तो स्थिति और गंभीर हो सकती थी। इसी सोच के साथ उन्होंने आखिरी कोशिश करते हुए कॉकपिट का दरवाजा खोला, जिससे दूसरे लोग अंदर पहुंच सके।

कैप्टन स्मित ने कहा कि उस वक्त उनके मन में अपनी जान बचाने के साथ-साथ विमान में मौजूद लोगों की सुरक्षा का भी विचार था। उन्होंने बताया कि वह लंबे समय से विमान उड़ा रहे हैं और इसी अनुभव ने उन्हें संकट की स्थिति को समझने में मदद की।

दर्द के बीच लेते रहे हनुमान चालीसा का नाम

प्रधानमंत्री से बातचीत के दौरान कैप्टन स्मित भावुक भी हुए। उन्होंने बताया कि चोट और दर्द के बीच वह लगातार हनुमान चालीसा का पाठ कर रहे थे। उनका कहना था कि उन्हें विश्वास है कि ईश्वर की कृपा से ही उनकी जान बच सकी।

स्मित ने यह भी बताया कि उनका परिवार मुश्किल समय में उनके साथ मजबूती से खड़ा रहा। उन्होंने अपने छोटे बेटे का जिक्र करते हुए कहा कि वह रोज पूजा के समय उसे हनुमान चालीसा सुनाते हैं।

परिवार और मदद करने वाले देशों का जताया आभार

पीएम मोदी ने कैप्टन के माता-पिता और पत्नी के धैर्य की भी सराहना की। उन्होंने कहा कि देशभर में उनके शीघ्र स्वस्थ होने के लिए लोग प्रार्थना कर रहे हैं।

प्रधानमंत्री ने कैप्टन के इलाज और देखभाल में सहयोग के लिए सऊदी अरब और संयुक्त अरब अमीरात की सरकारों का भी आभार जताया। उन्होंने भरोसा दिलाया कि कैप्टन के स्वस्थ होने तक सरकार उनके साथ खड़ी है।

बातचीत के अंत में पीएम मोदी ने कैप्टन स्मित को जल्द स्वस्थ होने की शुभकामनाएं दीं। कैप्टन ने भी भरोसा जताया कि वह धीरे-धीरे पूरी तरह ठीक होकर फिर से सामान्य जीवन में लौटेंगे।

Show More

Related Articles

Back to top button