अमिताभ बच्चन हुए ‘खाकी का सितारा’ से प्रभावित, यूपी पुलिस की सेवा भावना को किया सलाम

मुंबई। बॉलीवुड के महानायक अमिताभ बच्चन ने उत्तर प्रदेश पुलिस के पहले आधिकारिक एंथम ‘खाकी का सितारा’ की जमकर सराहना की है। करीब 6.5 मिनट लंबे इस विशेष एंथम को यूपी पुलिस के सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर जारी किया गया है। वीडियो देखने के बाद अमिताभ बच्चन ने अपने आधिकारिक एक्स हैंडल पर इसे साझा करते हुए पुलिसकर्मियों के समर्पण, सेवा और कर्तव्यनिष्ठा को सलाम किया।
अमिताभ बच्चन ने एंथम वीडियो को री-पोस्ट करते हुए लिखा, “कुछ सितारे आसमान में चमकते हैं… कुछ खाकी पहनकर जमीन पर।” महानायक की इस टिप्पणी ने सोशल मीडिया पर लोगों का ध्यान खींचा। उनका यह संदेश उन पुलिसकर्मियों को समर्पित माना जा रहा है, जो दिन-रात नागरिकों की सुरक्षा और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए तैनात रहते हैं।
दिग्गज कलाकारों की जुगलबंदी
‘खाकी का सितारा’ एंथम को खास बनाने में कई दिग्गज कलाकारों का योगदान है। प्रसिद्ध गायक और संगीतकार शंकर महादेवन ने गीत को अपनी आवाज देने के साथ इसका संगीत भी तैयार किया है। एंथम में अमिताभ बच्चन की दमदार आवाज में सूत्रधार का नरेशन शामिल है, जबकि प्रसिद्ध कवि एवं गीतकार आलोक श्रीवास्तव ने इसके बोल लिखे हैं। वीडियो में अभिनेता करण आनंद पुलिस अधिकारी की भूमिका में नजर आते हैं।
लोक भवन में हुआ था एंथम का शुभारंभ
उत्तर प्रदेश पुलिस के इस आधिकारिक एंथम का 14 अगस्त को लखनऊ स्थित लोक भवन में आयोजित कार्यक्रम में शुभारंभ किया गया था। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने इसका विमोचन किया। इस अवसर पर शंकर महादेवन, अभिनेता नाना पाटेकर, गीतकार आलोक श्रीवास्तव और वरिष्ठ पुलिस अधिकारी मौजूद रहे।
‘सुरक्षा आपकी, संकल्प हमारा’ संदेश पर आधारित यह एंथम पुलिसकर्मियों की जनसेवा, त्याग और कर्तव्यनिष्ठा को दर्शाता है।
एक साल से अधिक समय में तैयार हुआ वीडियो
उत्तर प्रदेश पुलिस के जनसंपर्क विभाग और सोशल मीडिया सेल की देखरेख में तैयार किए गए इस वीडियो को बनाने में एक साल से अधिक समय लगा। इसमें महाकुंभ 2025 से लेकर स्वतंत्रता दिवस 2026 तक पुलिस की विभिन्न जिम्मेदारियों और अभियानों को कैमरे में दर्ज किया गया है।
एंथम में कानून-व्यवस्था बनाए रखने, महिला सुरक्षा, यातायात प्रबंधन, आपदा राहत और जरूरतमंद लोगों की सहायता जैसे पुलिस के मानवीय पहलुओं को भी प्रमुखता से दिखाया गया है। ‘खाकी का सितारा’ के जरिए यूपी पुलिस ने अपने जवानों के समर्पण और सेवा भावना को एक भावनात्मक और प्रेरणादायक अंदाज में सामने रखा है।



