बरसात के बाद अब धरातल पर दिखेंगे सड़कों के काम, लोक निर्माण विभाग ने 6 कार्यों की निविदा को दी मंजूरी

- कुल 101.24 करोड़ की लागत से सड़कें होंगी चौड़ी और मजबूत, गौरव पथ निर्माण और सौंदर्यीकरण भी होगा
- आमदी में फोरलेन गौरव पथ से बढ़ेगी शहरी सुविधा और सुंदरता
- उप मुख्यमंत्री श्री अरुण साव ने कार्यादेश जारी कर तत्काल काम शुरू कराने के दिए निर्देश
- धमतरी .

राज्य शासन ने बरसात के बाद सड़कों के निर्माण में तेजी लाने की तैयारी पूरी कर ली है। लोक निर्माण विभाग ने धमतरी जिले में 6 कार्यों के लिए कुल 101 करोड़ 23 लाख 55 हजार रुपए की निविदा को मंजूरी दी है। इनमें पांच सड़कों के मजबूतीकरण और चौड़ीकरण तथा आमदी नगर पंचायत में फोरलेन गौरव पथ एवं सौंदर्यीकरण का काम शामिल है। उप मुख्यमंत्री तथा लोक निर्माण मंत्री श्री अरुण साव के अनुमोदन के बाद विभाग ने नए कार्यों की निविदा मंजूर करते हुए धमतरी संभाग के कार्यपालन अभियंता को चयनित ठेकेदारों और निर्माण एजेंसियों को कार्यादेश जारी कर तत्काल कार्य प्रारंभ कराने के निर्देश दिए हैं।
कई महत्वपूर्ण मार्गों का होगा चौड़ीकरण और मजबूतीकरण
लोक निर्माण विभाग ने धमतरी जिले में मेघा रोड तिराहा-स्टेशन रोड-चरमुड़िया राष्ट्रीय राजमार्ग-30 में 3.75 किलोमीटर चौड़ीकरण एवं मजबूतीकरण के लिए 14 करोड़ 45 लाख 12 हजार रुपए, पचपेड़ी-तर्रागोंदी-भेलवाकूदा-टिपानी-सेमरा (बी) मार्ग में पांच किलोमीटर चौड़ीकरण एवं मजबूतीकरण के लिए 13 करोड़ 32 लाख 82 हजार रुपए, नौ किलोमीटर छाती-गागरा-कंडेल-देवपुर मार्ग के लिए 23 करोड़ 12 लाख 46 हजार रुपए तथा 10 किलोमीटर अर्जुनी-भानपुरी-तरसींवा-कुर्रा-अमलीडीह-हसदा सड़क के लिए 19 करोड़ 42 लाख 22 हजार रुपए की निविदा मंजूर की है।
विभाग ने राजनांदगांव-गुंडरदेही-धमतरी-नगरी सिहावा-बोराई राज्य मार्ग में 23 किलोमीटर लंबाई के मजबूतीकरण एवं डामरीकरण के लिए 11 करोड़ 70 लाख 83 हजार रुपए की निविदा को मंजूरी दी है। लोक निर्माण विभाग द्वारा इसी मार्ग में पड़ने वाले आमदी नगर पंचायत में 3.50 किलोमीटर फोरलेन गौरव पथ के निर्माण और सौंदर्यीकरण कार्य के लिए भी 19 करोड़ 26 लाख 10 हजार रुपए की निविदा स्वीकृत की है। विभाग द्वारा इन निविदाओं का अनुमोदन अनुबंध के पूर्व ठेकेदारों से संपूर्ण कार्यावधि के लिए प्रभावशील एपीएस (Additional Performance Security) की राशि की बैंक गारंटी प्राप्त करने की शर्त पर की गई है।
मापदंडों के अनुसार कार्यों का संपादन और पर्यवेक्षण सुनिश्चित करें, गुणवत्ता व समय-सीमा पर दें विशेष ध्यान – श्री अरुण साव
उप मुख्यमंत्री श्री अरुण साव ने धमतरी संभाग के कार्यपालन अभियंता को अनुबंधित कार्यों का संपादन और पर्यवेक्षण विभागीय मापदंडों के अनुसार सुनिश्चित करते हुए कार्यों की गुणवत्ता पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने ये कार्य किसी अन्य को सबलेट नहीं करने तथा कार्य संपादन के लिए पॉवर-ऑफ-अटॉर्नी को मान्य नहीं करने भी कहा है। श्री साव ने अनुबंधित समयावधि में कार्यों को पूर्ण करने, कार्यों का संपादन अनुबंधानुसार प्रशासकीय स्वीकृति एवं आबंटन की सीमा में करने के भी निर्देश दिए हैं। सड़कों के बेहतर होने से आवागमन होगा सुगम, पर्यटन और आर्थिक गतिविधियों को मिलेगा बढ़ावा
इन सड़क विकास कार्यों के पूरा होने से धमतरी जिले में ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों के बीच आवागमन और संपर्क सुविधा और बेहतर होगी। प्रमुख मार्गों के चौड़ीकरण एवं मजबूतीकरण से लोगों को आवागमन में सुविधा मिलने के साथ ही यात्रा का समय भी कम होगा। कृषि उपज, वनोपज और अन्य स्थानीय उत्पादों को बाजार तक पहुंचाने में भी सहूलियत होगी, जिससे स्थानीय व्यापार एवं आर्थिक गतिविधियों को गति मिलने की उम्मीद है।
विशेष रूप से राज्य मार्ग और प्रमुख संपर्क मार्गों के सुदृढ़ होने से धमतरी शहर के साथ कुरूद, नगरी-सिहावा सहित आसपास के क्षेत्रों की कनेक्टिविटी मजबूत होगी। इससे ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों को शिक्षा, स्वास्थ्य, बाजार एवं अन्य आवश्यक सेवाओं तक पहुंचने में सुविधा मिलेगी। वहीं, धमतरी के प्रमुख पर्यटन स्थलों, विशेषकर गंगरेल, सिहावा और आसपास के प्राकृतिक एवं धार्मिक पर्यटन क्षेत्रों तक पर्यटकों की आवाजाही अधिक सुगम होगी। बेहतर सड़क अधोसंरचना से जिले में पर्यटन गतिविधियों को बढ़ावा मिलने के साथ स्थानीय होटल, होम-स्टे, परिवहन, खान-पान एवं अन्य व्यवसायों को भी लाभ मिलेगा।
आमदी में फोरलेन गौरव पथ से बढ़ेगी शहरी सुविधा और सुंदरता
आमदी नगर पंचायत में प्रस्तावित 3.50 किलोमीटर फोरलेन गौरव पथ के निर्माण एवं सौंदर्यीकरण से नगर की यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने के साथ क्षेत्र की पहचान और आकर्षण में भी वृद्धि होगी। सड़क के विकसित होने से आवागमन अधिक व्यवस्थित एवं सुरक्षित होगा तथा नगर के विकास को नई गति मिलेगी। सौंदर्यीकरण कार्य से आमदी के प्रवेश एवं प्रमुख मार्ग का स्वरूप भी अधिक आकर्षक बनेगा।
सड़कों के इन कार्यों से जिले में मजबूत और आधुनिक सड़क नेटवर्क तैयार करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम आगे बढ़ेगा। बेहतर सड़कें न केवल लोगों की दैनिक आवाजाही को आसान बनाएंगी, बल्कि कृषि, व्यापार, पर्यटन, रोजगार और निवेश की संभावनाओं को भी मजबूत करेंगी। इससे धमतरी जिले के समग्र विकास को नई गति मिलने की उम्मीद है।



