भारत

शेख हसीना को सजा के बाद ढाका में भड़की हिंसा, ऐक्शन में यूनुस सरकार; अभी कैसे हालात

ढाका. बांग्लादेश में पूर्व प्रधानमंत्री शेख हसीना को फांसी की सजा सुनाई गई है। इसके बाद ढाका में हिंसा भड़क उठी है। इसको लेकर यूनुस सरकार ऐक्शन में है और विभिन्न जगहों पर सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। गौरतलब है कि बांग्लादेश के अंतरराष्ट्रीय अपराध न्यायाधिकरण (आईसीटी-बीडी) ने पूर्व प्रधानमंत्री शेख हसीना को मौत की सजा सुनाई है। उन्हें यह सजा पिछले साल सरकार के विरोध में हुए प्रदर्शनों के दौरान घातक कार्रवाई के लिए सुनाई गई है। ट्रिब्यूनल ने उनके अलावा पूर्व गृह मंत्री असदोज्जमां खान कमाल को भी मौत की सजा सुनाई है। इन दोनों को मानवता के विरुद्ध विभिन्न अपराधों के लिए दोषी ठहराया गया था।

बांग्लादेश में सुरक्षा एजेंसियों ने पूर्व प्रधानमंत्री शेख हसीना के पिता और देश के संस्थापक शेख मुजीबुर रहमान के राजधानी ढाका स्थित मकान को सोमवार को ध्वस्त करने की कोशिश कर रहे प्रदर्शनकारियों को तितर-बितर करने के लिए लाठीचार्ज किया और आंसू गैस के गोले छोड़े। डेली स्टार समाचार पत्र ने रमना डिवीजन पुलिस उपायुक्त मसूद आलम के हवाले से बताया कि प्रदर्शनकारियों को तितर-बितर करने के लिए तेज आवाज करने वाले कई ग्रेनेड का इस्तेमाल किया गया। अखबार ने बताया कि लाठीचार्ज और ईंट-पत्थर फेंकने के दौरान कई प्रदर्शनकारी और सुरक्षाकर्मी घायल हो गए।

अखबार के अनुसार, फैसला सुनाए जाने से पहले ही प्रदर्शनकारियों के एक बड़े समूह ने दो खुदाई मशीनों को धानमंडी 32 की ओर ले जाने की कोशिश की, जहां रहमान का घर है। सुरक्षाकर्मियों ने उन्हें रोक दिया और प्रदर्शनकारियों को तितर-बितर करने के लिए लाठियां चलाईं। कुछ प्रदर्शनकारी पंथापथ पर स्क्वायर अस्पताल के पास पुनः एकत्रित हो गए, जहां कानून प्रवर्तकों ने कई राउंड आंसू गैस के गोले दागे।

ढाका में मीरपुर रोड और आसपास के इलाकों में यातायात स्थगित कर दिया गया तथा पड़ोस की अधिकांश दुकानें बंद कर दी गईं। अपराह्न लगभग 2:45 बजे, प्रदर्शनकारियों के भारी दबाव के बीच कानून प्रवर्तन अधिकारी पीछे हट गए। कुछ ही मिनट बाद सेना, पुलिस और आरएबी ने लाठियों और ग्रेनेडों का इस्तेमाल शुरू कर दिया, जिससे इलाके पर फिर से पूर्ण नियंत्रण हो गया। धानमंडी डिवीजन के अतिरिक्त उपायुक्त जिसानुल हक ने कहा कि हम किसी भी परिस्थिति में किसी को भी कानून अपने हाथ में लेने की इजाजत नहीं देंगे।

Show More

Related Articles

Back to top button