लाइफ स्टाइलस्वास्थ्य

सबसे ज्यादा काम आते हैं ये 5 पौधे, छत पर नहीं लगे तो अभी उगाओ! माली ने बताई क्या है इनकी खासियत, उगाना है उगाना

आजकल की भागदौड़ भरी जिंदगी में लोग अपनी सेहत और खान-पान को लेकर काफी सजग हो गए हैं। यही वजह है कि होम गार्डनिंग या टेरेस गार्डनिंग का क्रेज तेजी से बढ़ रहा है। बाजार में मिलने वाली सब्जियां और हर्ब्स अक्सर केमिकल और कीटनाशकों से युक्त होते हैं। ऐसे में अगर आप अपनी छत या बालकनी में कुछ ऐसे पौधे लगा लें जो रोजमर्रा की रसोई में सबसे ज्यादा काम आते हैं, तो सेहत और स्वाद दोनों बेहतरीन हो जाएंगे।

गार्डनिंग एक्सपर्ट ने ऐसे ही 5 बेहद उपयोगी पौधों की लिस्ट साझा की है, जिन्हें हर घर की छत पर जरूर होना चाहिए। ये पौधे न सिर्फ आपके खाने का जायका बढ़ाते हैं, बल्कि छत की खूबसूरती भी बढ़ाते हैं। सबसे अच्छी बात यह है कि इन्हें उगाना और इनकी देखभाल करना बेहद आसान है।

करी पत्ता: खुशबू और सेहत का खजाना

रसोई में पोहा, सांभर या दाल में तड़का लगाना हो, करी पत्ते के बिना अधूरा सा लगता है। करी पत्ते का पौधा हर घर की छत पर जरूर होना चाहिए। इसे आप नर्सरी से लाकर या पके हुए बीजों से आसानी से गमले में उगा सकते हैं। इसे अच्छी जल निकासी वाली मिट्टी और 4-5 घंटे की सीधी धूप की जरूरत होती है। साल में एक-दो बार गोबर की खाद देने से यह तेजी से घना होता है।

लेमनग्रास : कड़क चाय बनाने में आएगा काम

अगर आप चाय के शौकीन हैं, तो लेमनग्रास आपकी छत पर जरूर होना चाहिए। इसकी पत्तियों से नींबू जैसी भीनी-भीनी खुशबू आती है। इतना ही यह मच्छरों को भी दूर से रखने में मदद करता है। इसे बीज या फिर बाजार से मिलने वाली लेमनग्रास की स्टिक से आसानी से उगाया जा सकता है। यह पौधा बहुत तेजी से फैलता है, इसलिए इसके लिए थोड़ा बड़ा गमला चुनें और इसे भरपूर धूप वाली जगह पर रखें।

ऑल स्पाइस प्लांट: एक पौधा, अनेक मसालों का स्वाद

क्या आपने कभी ऐसे पौधे के बारे में सुना है जिसकी पत्तियों में लौंग, दालचीनी, जायफल और काली मिर्च, इन सभी मसालों का स्वाद एक साथ मिलता है। इसे ‘ऑल स्पाइस प्लांट’ या मसाला पौधा कहते हैं। इसकी खासियत यह है कि इसकी सिर्फ एक पत्ती को तोड़कर बिरयानी, पुलाव, सूप या सब्जी में डाल दें, तो यह पूरे खाने को मसालों की राजशाही खुशबू से भर देता है।

इस पौधे को नर्सरी से लाकर लगाना सबसे बेहतर होता है। इसे थोड़ी नमी वाली मिट्टी पसंद होती है। इसे ऐसी जगह पर रखें जहां सुबह की 3-4 घंटे की धूप मिले और दोपहर की तेज धूप से यह बचा रहे।

हरी मिर्च का पौधा: तीखा स्वाद हमेशा फ्रेश

बाजार से लाई हरी मिर्च फ्रिज में रखे-रखे अक्सर लाल या काली पड़ जाती है, लेकिन अगर छत पर इसका पौधा हो तो आप जरूरत के समय एकदम फ्रेश और तीखी मिर्च तोड़ सकते हैं। उगाने के लिए रसोई में मौजूद सूखी लाल मिर्च के बीजों को निकालकर मिट्टी में बिखेर दें, कुछ ही दिनों में पौधे निकल आएंगे। मिर्च के पौधे को अच्छी पैदावार के लिए फुल सनलाइट और समय-समय पर मिट्टी की गुड़ाई की आवश्यकता होती है।

पुदीना: गर्मियों में आएगा काम

पुदीने की चटनी, आम पन्ना या जलजीरा के बिना गर्मियों का सीजन अधूरा है। पुदीने की खासियत है कि यह पेट की गर्मी को शांत करता है और इसकी पत्तियां बहुत तेजी से फैलती हैं। एक बार लगाने के बाद यह गमले को पूरा घेर लेता है और सालों-साल चलता है।

​पुदीना उगाने का सबसे आसान तरीका ‘स्टेम कटिंग’है। बाजार से लाए पुदीने की मोटी डंडियों की पत्तियां तोड़ लें और नीचे की डंडी को मिट्टी में दबा दें। इसे हल्की नमी और छांव वाली धूप पसंद होती है। नियमित रूप से पानी देने पर यह हफ्तेभर में हरा-भरा हो जाता है।

इन पौधों की देखभाल कैसे करें?

माली ने इन सभी पौधों को हमेशा हरा-भरा रखने के लिए एक खास सीक्रेट बताया है। इन सभी हर्बल और किचन वाले पौधों को केमिकल फर्टिलाइजर की जगह हमेशा ऑर्गेनिक खाद जैसे- वर्मीकंपोस्ट, गोबर की खाद या किचन वेस्ट से बनी खाद ही देनी चाहिए। चूंकि इनकी पत्तियों और फलों का सीधा सेवन करते हैं, इसलिए इन्हें पूरी तरह केमिकल-फ्री रखना हमारी सेहत के लिए सबसे बेस्ट रहता है।

Show More

Related Articles

Back to top button