खेल जगत

विराट कोहली अफगानिस्तान के खिलाफ वनडे सीरीज से हुए बाहर, जानिए क्या है वजह?

टीम इंडिया को 13 जून से अफगानिस्तान के खिलाफ 3 मैचों की वनडे इंटरनेशनल सीरीज खेलनी है, लेकिन इससे पहले भारतीय टीम को एक बड़ा झटका लगा है। दिग्गज बल्लेबाज विराट कोहली इस वनडे सीरीज से बाहर हो गए हैं। रिपोर्ट्स की मानें तो विराट को हैमस्ट्रिंग इंजरी है, जिसके कारण वह अफगानिस्तान के खिलाफ होने वाली वनडे सीरीज का हिस्सा नहीं होंगे। कोहली आखिरी बार आईपीएल 2026 के फाइनल में खेले थे, लेकिन आखिर तक उन्होंने बल्लेबाजी की थी। ऐसे में सवाल यह भी है कि उन्हें कब हैमस्ट्रिंग इंजरी हुई है?

दैनिक जागरण की रिपोर्ट में इस बात का दावा किया गया है कि विराट कोहली हैमस्ट्रिंग इंजरी के कारण इस वनडे सीरीज का हिस्सा नहीं होंगे। विराट को पहले ही टीम में चुना जा चुका है। ऐसे में अब बीसीसीआई को उनके रिप्लेसमेंट का ऐलान करना होगा। हालांकि, अभी तक आधिकारिक तौर पर बीसीसीआई ने विराट कोहली को लेकर कोई जानकारी नहीं दी है। कोहली आईपीएल 2026 के बाद वृंदावन प्रेमानंद महाराज के दर्शन के लिए गए थे और फिर दिल्ली से मुंबई के लिए उन्होंने उड़ान भरी थी।

हालांकि, अगर आपने आईपीएल 2026 का फाइनल देखा हो तो विराट कोहली ने ब्रेक्स के बीच में ट्रीटमेंट जरूर लिया था। वे मैदान पर लेटकर फीजियो से कुछ ट्रीटमेंट ले रहे थे। क्या उसी दौरान उनको हैमस्ट्रिंग इंजरी हुई या फिर ट्रेनिंग के दौरान उनको इस चोट से जूझना पड़ा? ये अभी तक उजागर नहीं हुआ है। कोहली के अलावा समस्या रोहित शर्मा को लेकर भी है, जिन्हें इस सीरीज के लिए टीम में जरूर चुना गया है, लेकिन उनकी फिटनेस पर भी सवाल है। वे आईपीएल के आखिरी कुछ मैचों में इम्पैक्ट प्लेयर के रूप में खेले थे और बीच में कई मैच उन्होंने मिस किए थे।

IPL 2026 में विराट ने किया था दमदार प्रदर्शन

आईपीएल 2026 में आरसीबी के लिए खेलते हुए विराट कोहली फाइनल में प्लेयर ऑफ द मैच रहे थे, जबकि 16 मैचों में कोहली के बल्ले से 675 रन निकले थे। एक शतक भी इस सीजन विराट ने जड़ा था। फाइनल मैच में नाबाद 75 रनों की पारी उन्होंने खेली थी और मैच फिनिश करते हुए टीम को दूसरा खिताब दिलाया था। इसके बाद फैंस को उम्मीद थी कि वे अब भारतीय जर्सी में नजर आएंगे, लेकिन उनके अब वनडे सीरीज से बाहर होने की खबर है। टेस्ट और टी20 इंटरनेशनल क्रिकेट से वे रिटायर हो चुके हैं। अब सिर्फ वनडे इंटरनेशनल क्रिकेट ही वे खेलते हैं।

Show More

Related Articles

Back to top button