हमर छत्तीसगढ़

रायपुर में लाखों की चोरी के बाद गरमाई सियासत, AAP ने पुलिस से मांगा जवाब

रायपुर: गुढ़ियारी थाना क्षेत्र के कर्मा चौक स्थित श्री लक्ष्मी विनायक ज्वेलर्स में दीवार तोड़कर हुई चोरी के मामले को लेकर आम आदमी पार्टी ने पुलिस प्रशासन के खिलाफ प्रदर्शन किया। AAP नेता एवं छाया पार्षद मिथलेश साहू के नेतृत्व में पार्टी कार्यकर्ताओं और स्थानीय नागरिकों ने रामनगर पुलिस चौकी का घेराव किया।

प्रदर्शनकारियों का दावा है कि चोरी की वारदात में करीब 8 से 10 लाख रुपये का सामान चोरी हुआ है। उनका कहना है कि घटनास्थल पुलिस चौकी से लगभग 500 मीटर की दूरी पर होने के बावजूद चोरी की घटना ने इलाके की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े किए हैं।

थाली बजाकर जताया विरोध

प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने हाथों में थाली और तख्तियां लेकर पुलिस प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की। प्रदर्शनकारियों ने इसे पुलिस प्रशासन को क्षेत्र में बढ़ती आपराधिक घटनाओं के प्रति सचेत करने का सांकेतिक प्रयास बताया।

AAP नेता मिथलेश साहू ने आरोप लगाया कि इलाके में नशाखोरी और चाकूबाजी जैसी घटनाओं को लेकर स्थानीय लोगों और व्यापारियों में चिंता का माहौल है। उन्होंने रात में पुलिस पेट्रोलिंग व्यवस्था को लेकर भी सवाल उठाए।

पुलिस कमिश्नरेट व्यवस्था पर उठाए सवाल

मिथलेश साहू ने कहा कि रामनगर चौकी के नजदीक ज्वेलर्स में चोरी की घटना सुरक्षा व्यवस्था की गंभीरता को दर्शाती है। उन्होंने पुलिस से रात्रि गश्त बढ़ाने और क्षेत्र में अपराध पर प्रभावी नियंत्रण की मांग की।

पुलिस को सौंपा ज्ञापन

प्रदर्शन के बाद AAP नेताओं और स्थानीय लोगों ने पुलिस अधिकारियों को ज्ञापन सौंपा। इसमें सीसीटीवी फुटेज की जांच कर आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी, चोरी गया सामान बरामद करने, क्षेत्र में नशे के अवैध कारोबार और चाकूबाजी पर कार्रवाई तथा रात की पुलिस पेट्रोलिंग मजबूत करने की मांग की गई।

प्रदर्शनकारियों ने कहा कि यदि चोरी के मामले में जल्द कार्रवाई नहीं हुई और क्षेत्र की कानून-व्यवस्था में सुधार नहीं आया, तो आगे पुलिस कमिश्नर कार्यालय का घेराव किया जाएगा।

प्रदर्शन में AAP यूथ विंग के प्रदेश अध्यक्ष इमरान खान सहित शिव शर्मा, आरएस ठाकुर, संजय गुप्ता, अनुराधा शुक्ला, डॉ. विजय देवांगन, श्याम शर्मा, धनेश्वर नेताम, रवि ध्रुव, भारती समेत पार्टी पदाधिकारी, कार्यकर्ता, स्थानीय नागरिक और व्यापारी शामिल हुए।

Show More

Related Articles

Back to top button