लाइफ स्टाइल
सावधान! बारिश में पत्ता गोभी लेने से पहले चेक करें ये 5 बातें, वरना बिगड़ सकती है तबियत

बरसात के दिनों में यानी मानसून में हरियाली के साथ-साथ बीमारियों का खतरा भी बढ़ जाता है। इस मौसम में हरी पत्तेदार सब्जियां, खासकर पत्ता गोभी में कीड़े, बैक्टीरिया और नमी की वजह से सड़न होना बेहद आम बात है। बारिश के दिनों में थोड़ी सी लापरवाही आपकी और आपके परिवार की तबियत बिगाड़ सकती है। पत्ता गोभी की परतों के बीच छुपे कीड़े और फंगस आसानी से नजर नहीं आते। ऐसे में मार्केट से पत्ता गोभी लाते समय कुछ बातों का ख्याल रखना जरूरी है। जानत हैं आगे…
पत्ता गोभी की किस्में कितनी होती हैं?
मार्केट में मुख्य रूप से 4 तरह की पत्ता गोभी मिलती हैं-
- हरी पत्ता गोभी: यह सबसे आम और मजबूत होती है।
- लाल/बैंगनी पत्ता गोभी: यह एंटीऑक्सीडेंट्स से भरपूर और सख्त बनावट वाली होती है।
- सेवॉय गोभी: इसके पत्ते थोड़े ढीले और झुर्रीदार होते हैं।
- नापा गोभी: इसे चीनी पत्ता गोभी भी कहा जाता है, जो आकार में थोड़ी लंबी होती है।
बरसात में पत्ता गोभी चुनते समय चेक करें ये बातें
अगर आप बरसात के मौसम में पत्ता गोभी खरीद रही हैं तो यहां दिए गए टिप्स आपके काम आ सकते हैं-
- वजन चेक करें: पत्ता गोभी आकार में भले ही मीडियम हो, लेकिन हाथों में उठाने पर वजनदार और ठोस होनी चाहिए। बहुत बड़ी लेकिन हल्की गोभी अंदर से खोखली या सूखी हो सकती है।
- पत्तों की रंगत और फ्रेशनेस: गोभी के बाहर के पत्ते चमकदार, हरे और कड़क होने चाहिए। अगर पत्ते पीले पड़ रहे हों या मुरझाए दिखें, तो ऐसी पत्ता गोभी न खरीदें।
- डंठल की स्थिति: पत्ता गोभी के निचले हिस्से यानी डंठल को ध्यान से देखें। डंठल का रंग सफेद और ताजा होना चाहिए। अगर डंठल भूरा, काला या गीला दिख रहा है, तो यह अंदरूनी सड़न का संकेत है।
- काले धब्बे या बारीक छेद: मानसून में कीड़ों का खतरा सबसे ज्यादा होता है। पत्तों पर छोटे-छोटे छेद या काले धब्बे होने का मतलब है कि गोभी के अंदर कीड़े मौजूद हैं।
- कटी हुई पत्ता गोभी से बचें: बारिश के मौसम में पैकेट में मिलने वाली कटी हुई पत्ता गोभी बिल्कुल न खरीदें। कटी सब्जियों में नमी के कारण बैक्टीरिया बहुत तेजी से पनपते हैं। हमेशा पूरी गोभी ही खरीदें।
बरसात में पत्ता गोभी को कैसे स्टोर करें?
अगर आप बरसात के मौसम में पत्ता गोभी खरीद रही हैं तो यहां दिए गए टिप्स आपके काम आ सकते हैं-
- पत्ता गोभी को बिना काटे और बिना धोए सीधे पॉलीथिन या प्लास्टिक बैग में रखकर फ्रिज के वेजिटेबल बास्केट में रखें।
- हरी और लाल पत्ता गोभी फ्रिज में 3 से 4 हफ्ते तक बिल्कुल ताजा रहती हैं।
- ठंडे तापमान में रखने से पत्ता गोभी में मौजूद न्यूट्रिएंट्स और विटामिन C बरकरार रहता है।
- पकाने से तुरंत पहले गोभी के ऊपरी 2-3 पत्ते हटा दें और फिर इसे गुनगुने पानी में नमक या सिरका डालकर अच्छे से धोएं।



