दुर्ग में गांजा तस्करी और अवैध पिस्टल रखने वाला आरोपी गिरफ्तार, 3.630 किलो गांजा समेत एक्टिवा और नकदी जब्त

दुर्ग। जिले में नशे के अवैध कारोबार और अवैध हथियारों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए पद्मनाभपुर पुलिस ने एक युवक को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 3 किलो 630 ग्राम गांजा, एक पिस्टल मैगजीन सहित, ₹17,500 नगद और गांजा बिक्री में इस्तेमाल की जा रही एक्टिवा वाहन जब्त की है। जब्त गांजे की अनुमानित कीमत 1 लाख 80 हजार रुपये और एक्टिवा की कीमत 30 हजार रुपये बताई गई है।
पुलिस के अनुसार, 11 नवंबर 2026 को थाना पद्मनाभपुर पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि उरला बांध पुल के नीचे रेलवे क्रॉसिंग के पास एक व्यक्ति गांजा लेकर बिक्री करने की फिराक में घूम रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने तत्काल मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और संदेही को पकड़ लिया।
पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम सूर्यदेव कोठारी उर्फ गोपा (26 वर्ष), निवासी कुंदरापारा, पोटियाकला, दुर्ग बताया। तलाशी के दौरान उसके कब्जे में रखी सफेद रंग की बोरी से 3 किलो 630 ग्राम गांजा बरामद किया गया। इसके अलावा एक पिस्टल मय मैगजीन, बिक्री की रकम 17,500 रुपये नगद और एक्टिवा वाहन क्रमांक CG07BY5096 भी जब्त किया गया।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ थाना पद्मनाभपुर में अपराध क्रमांक 751/2026 के तहत NDPS एक्ट की धारा 20(ख), 27(क) और आर्म्स एक्ट की धारा 25 के अंतर्गत मामला दर्ज किया है। आरोपी को 12 नवंबर 2026 को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां न्यायिक रिमांड की कार्रवाई की गई। फिलहाल मामले में विवेचना जारी है।
रेलवे क्रॉसिंग के पास बिक्री की फिराक में था आरोपी
प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक आरोपी उरला बांध पुल के नीचे रेलवे क्रॉसिंग के पास गांजा बेचने की तैयारी में था। मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने घेराबंदी कर उसे पकड़ लिया। तलाशी में मादक पदार्थ के साथ पिस्टल और नकदी भी बरामद हुई।
दुर्ग पुलिस की अपील
दुर्ग पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि मादक पदार्थों की अवैध खरीद-बिक्री और अवैध हथियारों से संबंधित कोई भी जानकारी मिलने पर तत्काल नजदीकी थाने या पुलिस कंट्रोल रूम को सूचित करें। सूचना देने वाले की पहचान गोपनीय रखी जाएगी। पुलिस ने नशे के अवैध कारोबार और अवैध हथियार रखने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रखने की बात कही है।



