
लखनऊ: एशियन पैरा गेम्स-2026 की महिला W1 तीरंदाजी स्पर्धा में रजत पदक जीतकर उत्तर प्रदेश की स्वाति चौधरी ने देश का मान बढ़ाया है। उनकी इस उपलब्धि पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर बधाई दी। उन्होंने स्वाति की सफलता को ऐतिहासिक बताते हुए कहा कि उनकी उपलब्धि देश के युवाओं को अपने सपने पूरे करने के लिए प्रेरित करेगी।
सीएम योगी ने स्वाति के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए उन पर गर्व जताया। वहीं, प्रदेश में खेल प्रतिभाओं को बढ़ावा देने के लिए प्रशिक्षण केंद्रों, स्पोर्ट्स कॉलेजों और आधुनिक खेल सुविधाओं के विस्तार पर जोर दिया जा रहा है। लखनऊ, गोरखपुर, सैफई, फतेहपुर और सहारनपुर में पांच स्पोर्ट्स कॉलेज संचालित हैं, जहां खिलाड़ियों को प्रशिक्षण के साथ आवास, भोजन और शिक्षा की सुविधाएं मिलती हैं।
इसके अलावा, मेरठ में मेजर ध्यानचंद खेल विश्वविद्यालय की स्थापना और खिलाड़ियों के लिए पुरस्कार राशि व सरकारी नौकरी के अवसर उपलब्ध कराने जैसी पहल भी की गई हैं। स्वाति चौधरी की उपलब्धि ने एक बार फिर प्रदेश की खेल प्रतिभाओं को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर आगे बढ़ाने के प्रयासों को चर्चा में ला दिया है।



