हमर छत्तीसगढ़

स्मार्ट मीटर से बढ़े बिजली बिलों की शिकायतों से प्रदेश में हाहाकार, मुख्यमंत्री से त्वरित संज्ञान का आग्रह करते हुए इदरीस गांधी ने लिखा पत्र

रायपुर । स्मार्ट मीटर लगाए जाने के बाद बिजली बिलों में अप्रत्याशित वृद्धि की लगातार सामने आ रही शिकायतों को लेकर छत्तीसगढ़ उर्दू अकादमी के अध्यक्ष इदरीस गांधी ने मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय को पत्र लिखकर मामले में त्वरित संज्ञान लेने का आग्रह किया है।

इदरीस गांधी ने पत्र में कहा कि प्रदेश के विभिन्न हिस्सों से उपभोक्ताओं द्वारा बिजली बिलों में अचानक बढ़ोतरी की शिकायतें सामने आ रही हैं। कई परिवारों का कहना है कि पहले सीमित राशि में आने वाला मासिक बिल अब कई गुना बढ़ गया है, जिससे उनके घरेलू बजट पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ पड़ रहा है।

उन्होंने कहा कि कम खपत के बावजूद अधिक बिल आने की शिकायतों से उपभोक्ताओं में चिंता और असंतोष का माहौल बन रहा है। कई लोग अपनी समस्या के समाधान के लिए बिजली विभाग के कार्यालयों के चक्कर लगाने को मजबूर हैं।

इदरीस गांधी ने मुख्यमंत्री से आग्रह किया कि स्मार्ट मीटर और बढ़े हुए बिजली बिलों से संबंधित शिकायतों की तकनीकी एवं निष्पक्ष जांच कराई जाए। साथ ही जिन मामलों में बिलों में असामान्य वृद्धि पाई जाए, वहां उपभोक्ताओं को नियमानुसार तत्काल राहत प्रदान की जाए।

उन्होंने कहा कि बिजली उपभोक्ताओं की शिकायतों का समयबद्ध समाधान और पूरी प्रक्रिया में पारदर्शिता बेहद जरूरी है। मुख्यमंत्री स्तर पर इस विषय की समीक्षा होने से प्रदेशभर के प्रभावित उपभोक्ताओं को राहत मिलने की उम्मीद है।

Show More

Related Articles

Back to top button