आम जनता से संवाद कर बिरगांव में प्रत्याशी तय कर रही है आम आदमी पार्टी

- बिरगांव नगर निगम चुनाव में सभी 40 वार्डों और महापौर पद पर चुनाव लड़ेगी आम आदमी पार्टी-सूरज उपाध्याय, मुख्य प्रवक्ता, AAP
- भाजपा और कांग्रेस से धोखा खा चुकी जनता अब खोज रही है मजबूत विकल्प-आम आदमी पार्टी
रायपुर। आगामी बिरगांव नगर निगम चुनाव को लेकर आम आदमी पार्टी के मुख्य प्रवक्ता सूरज उपाध्याय ने बताया कि चुनाव के लिए पार्टी ने अपनी तैयारियाँ तेज कर दी हैं और क्षेत्र में जोर-शोर से प्रचार-प्रसार जारी है। आम आदमी पार्टी बिरगांव नगर निगम के सभी 40 पार्षद पदों एवं महापौर पद पर अपने उम्मीदवार उतारेगी। इसके लिए पार्टी सीधे आम जनता के बीच जाकर राय-शुमारी (जन-संवाद) कर रही है और जनता की पसंद के अनुसार ही प्रत्याशियों का चयन कर रही है।

रायपुर कार्यकारी जिलाध्यक्ष सागर क्षीर सागर, प्रदेश सचिव स्वाति तिवारी और प्रदेश सचिव संजय गुप्ता और प्रदेश सह प्रभारी (सोशल मीडिया ) मिथलेश साहू ने संयुक्त बयान में कहा कि बिरगांव की जनता भाजपा और कांग्रेस दोनों ही दलों के झूठे वादों से तंग आ चुकी है और खुद को ठगा हुआ महसूस कर रही है।

प्रदेश सचिव कलावती मार्को, रायपुर जिला उपाध्यक्ष विजय देवांगन,रायपुर जिला उपाध्यक्ष श्याम शर्मा, रायपुर जिलाध्यक्ष (महिला )अनुराधा शुक्ला और रायपुर जिलाध्यक्ष (यूथ विंग )विकासदास मानिकपुरी,प्रदेश अध्यक्ष (आर टी आई विंग )आर एस ठाकुर, प्रदेश कार्यालय प्रभारी शिव शर्मा, रायपुर जिला महासचिव नरेंद्र ठाकुर, वीरेंद्र पवार,मनीष मेश्राम ने संयुक्त बयान में कहा कि भाजपा के वर्तमान ढाई साल में सिर्फ वादे और घोषणायें ही की गई हैं धरातल पर काम नदारद हैं,

साय सरकार किसानों की समस्यायों की अनदेखी कर रही है, प्रदेश के जल जंगल ज़मीन निजी हाथों में सौंप रही है आदिवासियों के अधिकारों पर आघात किया जा रहा। इसलिए अब जनता को एक ऐसे तीसरे और मजबूत विकल्प की तलाश है जो क्षेत्र का वास्तविक विकास कर सके। दिल्ली और पंजाब में आम आदमी पार्टी की सरकार द्वारा शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार और जन-कल्याण के क्षेत्रों में किए गए ऐतिहासिक कार्यों की हर तरफ सराहना हो रही है। छत्तीसगढ़ की जनता भी आप की इस ईमानदार विचारधारा और काम की राजनीति से गहराई से प्रभावित हो रही है।
आम आदमी पार्टी को पूर्ण विश्वास है कि बिरगांव की जनता इस बार बदलाव के लिए आम आदमी पार्टी पर अपना भरोसा जताएगी।



