अपराधहमर छत्तीसगढ़

नौकर-ड्राइवर निकले चोरी के मास्टरमाइंड: दो साथियों के साथ मिलकर घर से किए लाखों पार

 सरगुजा। छत्तीसगढ़ की सरगुजा पुलिस ने घर में 5 लाख की चोरी के मामले का खुलासा करते हुए चार शातिर चोरों को गिरफ्तार किया है। चोरी का मास्टरमाइंड कोई और नहीं बल्कि घर का नौकर के साथ ड्राइवर निकले, जिन्होंने अपने दो साथियों के साथ चोरी की घटना को अंजाम दिया था। यह पूरा मामला अंबिकापुर के गांधीनगर थाना क्षेत्र का है।

जानकारी के मुताबिक, पीड़ित सुभाष अग्रवाल ने शिकायत दर्ज कराते हुए बताया कि 12 जुलाई को वो अपने परिवार और दोस्तों के साथ बाहर गए थे। इस दौरान उन्होंने घर की जिम्मेदारी अपने नौकर ईश्वर यादव और ड्राइवर पर छोड़ रखी थी, लेकिन नौकर और ड्राइवर ने पहले से चोरी की प्लानिंग कर रखी थी और मौका मिलते ही उन्होंने अपने दो अन्य साथियों को बुलाकर घर में रखें 5 लख रुपए चोरी कर लिए।

आरोपी इतने शातिर थे कि घटना के बाद उन्होंने पुलिस के साथ लोगों को गुमराह करने के लिए गजब का हथकंडा अपनाया। मुख्य आरोपी ईश्वर यादव ने खुद के हाथ-पैर बंधवाकर पड़ोसियों को चीख पुकार कर बुलाया और यह जानकारी दी कि कुछ अज्ञात चोर उसके घर में घुसे, जिन्होंने चेहरे पर नकाब लगाया था और उसके साथ मारपीट करते हुए हाथ पैर बांधकर अलमारी से रकम चोरी करके कहीं गायब हो गए।

इसके बाद पड़ोसियों ने इस बात की सूचना सुभाष अग्रवाल को दी। सूचना मिलते ही सुभाष रातों-रात अंबिकापुर पहुंचे और इसकी सूचना थाना गांधीनगर में दी, जिसके बाद पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर तत्काल सभी संदिग्धों से पूछताछ की। पुलिस की पूछताछ में आरोपी नौकर और ड्राइवर द्वारा गोलमोल जवाब दिए जा रहे थे, जिस पर पुलिस को ये समझते देर नहीं लगी की चोर नौकर और ड्राइवर ही हैं फिर दोनों ने पुलिस के सामने स्वीकार किया कि उनके द्वारा चोरी की घटना को अंजाम दी गई है।

आरोपियों ने बताया कि चोरी की रकम पॉलिटेक्निक कॉलेज के पीछे एक झोले में झाड़ी के अंदर छुपा कर रखी गई है। गांधी नगर पुलिस ने नगदी बरामद कर एक नाबालिग सहित चार आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।

Show More

Related Articles

Back to top button