खेल जगत

शुभमन गिल ने लगाई लंबी छलांग, टेस्ट रैंकिंग में जो रूट की बादशाहत खत्म

दुबई: आईसीसी ने बुधवार को ताजा रैंकिंग जारी कर दी है। इस ताजा रैंकिंग में भारतीय टेस्ट टीम के कप्तान शुभमन गिल ने लंबी छलांग लगाई है। वो अपने टेस्ट करियर की बेस्ट रैंकिंग पर पहुंच गए हैं। गिल टेस्ट करियर में छठे नंबर पर पहुंच गए हैं। वहीं जो रूट को पीछे छोड़कर इंग्लैंड के हैरी ब्रूक बल्लेबाजों की रैंकिंग में नंबर-1 पर पहुंच गए हैं।

शुभमन गिल ने इस सीरीज में दो मैचों में शानदार प्रदर्शन किया है। दूसरे टेस्ट मैच में गिल ने कई रिकॉर्ड अपने नाम किए। शुभमन गिल ने एजबेस्टन टेस्ट की पहली पारी में 269 और दूसरी पारी में 161 रन बनाए। वह टेस्ट मैच की दोनों पारियों में 150 से अधिक का स्कोर बनाने वाले इतिहास के दूसरे खिलाड़ी बने।

गिल छठे पायदान पर पहुंचे

गिल बल्लेबाजों की टेस्ट रैंकिंग में 15 स्थानों की छलांग लगाकर छठे स्थान पर पहुंच गए हैं। इससे पहले सितंबर 2024 में गिल 14वें स्थान पर पहुंचे थे। उन्होंने मौजूदा सीरीज की शुरुआत 23वें स्थान से की थी। अगर गिल पूरी सीरीज में इसी तरह प्रदर्शन करते हैं तो सीरीज खत्म होने तक वो टॉप में भी पहुंच सकते हैं।

वहीं दूसरी ओर, हैरी ब्रूक ने बर्मिंघम में दूसरे टेस्ट की पहली पारी में 158 रन जड़े, जिसने उन्हें बल्लेबाजों की टेस्ट रैंकिंग में एक पायदान ऊपर पहुंचा दिया। ब्रूक इससे पहले पिछले साल दिसंबर में एक हफ्ते के लिए नंबर-1 टेस्ट बल्लेबाज रह चुके थे। इंग्लैंड के विकेटकीपर-बल्लेबाज जेमी स्मिथ को भी इस मुकाबले से रैंकिंग में फायदा मिला है, जो नाबाद 184 और 88 रन बनाने के बाद 16 स्थान ऊपर चढ़कर पहली बार टॉप-10 में शामिल हुए हैं।

भारतीय गेंदबाजों को भी हुआ फायदा

एजबेस्टन टेस्ट में 89 और 69 रन की पारियां खेलने वाले रविंद्र जडेजा छह पायदान ऊपर उठकर 39वें स्थान पर पहुंच गए हैं। भारतीय गेंदबाज मोहम्मद सिराज और आकाश दीप ने भी टेस्ट गेंदबाजी रैंकिंग में बड़ी छलांग लगाई है। सिराज ने एजबेस्टन में कुल सात विकेट निकाले, जिसके बाद वह छह स्थान चढ़कर 22वें पायदान पर पहुंच चुके हैं। आकाश दीप ने इंग्लैंड के खिलाफ दूसरे टेस्ट में कुल 10 विकेट झटके। यह तेज गेंदबाज 39 स्थान की छलांग लगाकर अपने करियर के सर्वश्रेष्ठ 45वें स्थान पर पहुंच गया है।

साउथ अफ्रीका के वियान मुल्डर को हुआ फायदा

बुलावायो में जिम्बाब्वे के खिलाफ नाबाद 367 रनों की पारी खेलकर सुर्खियां बटोरने वाले दक्षिण अफ्रीका के वियान मुल्डर बल्लेबाजी रैंकिंग में 34 स्थान की छलांग लगाकर करियर के सर्वश्रेष्ठ 22वें स्थान पर पहुंच गए हैं। उन्होंने तीन विकेट भी लिए, जिससे अब वह गेंदबाजों की सूची में चार स्थान ऊपर चढ़कर 48वें स्थान पर आ गए हैं।

Show More

Related Articles

Back to top button