सिक्किम में मिलिट्री कैंप पर बरपा कुदरत का कहर, 3 जवानों की मौत और 6 लापता,

गंगटोक: सिक्किम में रविवार रात भारी बारिश के बाद एक सैन्य शिविर भूस्खलन की चपेट में आ गया। इसमें 3 लोगों की मौत हो गई, जिनके शव बरामद कर लिए गए हैं। छह जवान लापता हैं। सेना ने सोमवार को घटना की जानकारी दी। समाचार एजेंसी पीटीआई ने एक रक्षा अधिकारी के हवाले से बताया कि चार लोगों को बचा लिया गया है, जिन्हें मामूली चोटें आई हैं। लापता जवानों की तलाश के लिए तलाशी अभियान जारी है।
उधर, सिक्किम के लाचेन और लाचुंग में 30 मई से फंसे एक हजार से ज्यादा पर्यटकों को आज निकाला गया। सिक्किम समेत पूर्वोत्तर के राज्यों में पिछले 4 दिनों से भारी बारिश हो रही है। बारिश के कारण आई बाढ़ और भूस्खलन में अब तक 37 लोगों की जान जा चुकी है। इसमें असम में 10, अरुणाचल प्रदेश में 9, मिजोरम में 5 और मेघालय में 6 मौतें शामिल हैं।
राहत-बचाव के लिए सेना तैनात
भारतीय सेना के साथ-साथ वायुसेना और असम राइफल्स के जवानों को नॉर्थ ईस्ट के राज्यों में राहत और बचाव के लिए तैनात किया गया है। असम में बाढ़ से 3.64 लाख से अधिक लोग प्रभावित हुए हैं। ब्रह्मपुत्र और बराक समेत 10 प्रमुख नदियां खतरे के निशान से ऊपर बह रही हैं।
मणिपुर में 19 हजार लोग प्रभावित
मणिपुर में बाढ़ से 19,000 से अधिक लोग प्रभावित हुए हैं। 3,365 घर क्षतिग्रस्त हो गए हैं। त्रिपुरा में बाढ़ से 10 हजार से अधिक लोग प्रभावित हैं। मिजोरम की राजधानी आइजोल में भारी बारिश के कारण 2 जून को सभी स्कूलों को बंद रखने का आदेश दिया गया है। 30 मई से अब तक राज्य में भूस्खलन की 211 घटनाएं हो चुकी हैं।
2023 में भी आई थी तबाही
सिक्किम में अक्टूबर 2023 में बादल फटने के बाद तीस्ता नदी में अचानक आई बाढ़ से 18 लोगों की मौत हो गई थी। कम से कम 98 लोग लापता हो गए थे, जिनमें 22 सैन्यकर्मी शामिल हैं। उनका पता नहीं चल पाया है.
इन सब के बीच मध्य प्रदेश के 50 और राजस्थान के 30 जिलों में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। वहीं, बिहार के वैशाली में रविवार शाम तेज आंधी और बारिश के कारण मकान ढहने से 60 वर्षीय महिला की मौत हो गई। जिसके बाद राज्य के 9 जिलों में आंधी और बारिश की चेतावनी जारी की गई।