
नई दिल्ली. इंग्लैंड की कप्तान नेट साइवर-ब्रंट ने द हंड्रेड में 1,000 रन पूरे करने वाली पहली बैटर बनकर इतिहास रच दिया है। उन्होंने मात्र 30 मैचों में 1,031 रन बनाकर यह कारनामा किया। ट्रेंट रॉकेट्स के लिए खेलते हुए, उनका औसत 49.09 का है, जो उनकी निरंतरता और बल्ले से दबदबे को दर्शाता है। साइवर-ब्रंट ने यह उपलब्धि शुक्रवार, 8 अगस्त को बर्मिंघम के एजबेस्टन में बर्मिंघम फीनिक्स के खिलाफ रॉकेट्स के मैच के दौरान हासिल की।
नेट साइवर-ब्रंट सिर्फ वुमेंस टूर्नामेंट में ही नहीं, बल्कि मेंस टूर्नामेंट को मिलाकर भी ऐसा कारनामा करने वाली पहली बैटर बनी है। वुमेंस क्रिकेटर में उनके अलावा डैनी वायट और लॉरा वोल्वार्ड्ट जैसी बैटर क्रमश: 939 और 871 रन बनाकर उनके पीछे हैं। वहीं मेंस क्रिकेटर में द हंड्रेड में सबसे ज्यादा 995 रन बनाने का रिकॉर्ड फिल सॉल्ट के नाम है।
वुमेंस द हंड्रेड में सबसे ज्यादा रन बनाने वाली बैटर-
नताली साइवर-ब्रंट (ट्रेंट रॉकेट्स) — मैच: 30, रन: 1031, औसत: 49.09
डैनी वायट (सदर्न ब्रेव) — मैच: 35, रन: 939, औसत: 29.34
लॉरा वोल्वार्ड्ट (मैनचेस्टर ओरिजिनल्स, नॉर्दर्न सुपरचार्जर्स, सदर्न ब्रेव) — मैच: 28, रन: 871, औसत: 41.47
सोफिया डंकले (सदर्न ब्रेव, वेल्श फायर) — मैच: 33, रन: 852, औसत: 31.55
टैमी ब्यूमोंट (लंदन स्पिरिट, वेल्श फायर) — मैच: 29, रन: 767, औसत: 29.50
मेंस द हंड्रेड में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज-
फिल साल्ट (मैनचेस्टर ओरिजिनल्स) — मैच: 36, रन: 995, औसत: 28.42
जेम्स माइकल विंस (सदर्न ब्रेव) — मैच: 37, रन: 986, औसत: 32.86
बेन डकेट (बर्मिंघम फीनिक्स, वेल्श फायर) — मैच: 30, रन: 891, औसत: 35.64
डेविड मालन (नॉर्दर्न सुपरचार्जर्स, ओवल इनविंसिबल्स, ट्रेंट रॉकेट्स) — मैच: 32, रन: 849, औसत: 32.65
विल जैक्स (ओवल इनविंसिबल्स) — मैच: 34, रन: 814, औसत: 25.43
साइवर-ब्रंट की पारी गई बेकार
साइवर-ब्रंट ने 40 गेंदों पर आठ चौकों और एक छक्के की मदद से 64 रन बनाए, लेकिन उनकी मेहनत बेकार गई और रॉकेट्स 11 रनों से हार गए। पहले बल्लेबाजी करते हुए, फीनिक्स ने पांच विकेट पर 148 रनों का स्कोर बनाया। एम्मा लैम्ब ने 32 गेंदों पर 55 रनों की पारी खेली, जिसमें मैरी केली ने 10 गेंदों पर 23 रनों की तेज़ पारी भी शामिल थी।
रॉकेट्स के लिए, ब्रायोनी स्मिथ ने आक्रामक खेलते हुए 19 गेंदों पर 29 रन बनाए, जबकि साइवर-ब्रंट ने कड़ी टक्कर दी। हालांकि, रॉकेट्स जवाब में छह विकेट पर 137 रन ही बना सकी। फीनिक्स के लिए हन्ना बेकर और एमिली अर्लट ने दो-दो विकेट लिए।



