तीसरा दिन निर्णायक, दिखानी होगी विराट की मानसिकता…इंग्लैंड के पूर्व कप्तान ने गिल को चेताया

नई दिल्ली. इंग्लैंड के पूर्व कप्तान माइकल वॉन ने मैनचेस्टर टेस्ट के तीसरे दिन को निर्णायक बताया है। उन्होंने कहा कि इस टेस्ट के तीसरे दिन ही सीरीज का फैसला हो जाएगा। उन्होंने कहा कि भारत को विराट कोहली की मानसिकता दिखाने की जरूरत है। उन्होंने गिल ऐंड कंपनी को शुक्रवार को विराट मानसिकता के साथ उतरने को कहा है।
5 टेस्ट मैच की सीरीज में इंग्लैंड पहले ही 2-1 से आगे है। वॉन ने क्रिकबज पर बताया कि मैनचेस्टर टेस्ट का तीसरा दिन निर्णायक होने जा रहा है। दिन के खेल से ही तय हो जाएगा कि सीरीज पर किसका कब्जा होगा।
इंग्लैंड के पूर्व कप्तान ने कहा, ‘तीसरे दिन सीरीज का फैसला हो जाएगा। अगर इंग्लैंड के लिए दिन बढ़िया रहा तो वे इस टेस्ट मैच को जीतने जा रहे हैं और सीरीज का भी फैसला हो जाएगा।’
वॉन ने भारत को विराट कोहली वाली मानसिकता के साथ उतरने की सलाह देते हुए कहा, ‘भारत और शुभमन को तीसरे दिन विराट मानसिकता के साथ उतरने की जरूरत होगी। अगर वे कल जीतते हैं तो गेम जीवंत रहेगा। अगर वे हारे तो सीरीज भी गया।’
वॉन ने विराट मानसिकता की जरूरत बताकर भारतीय टीम को एक तरह से चेतावनी दी है कि अगर कोहली की तरह कभी हार न मानने वाली जिद के साथ नहीं उतरे तो सीरीज भूल जाइए। भारत के पूर्व विकेटकीपर बल्लेबाज दिनेश कार्तिक ने भी वॉन के आकलन से सहमति जताई।
मैनचेस्टर टेस्ट में इंग्लैंड ने अपनी पकड़ मजबूत कर दी है। पहली पारी में भारत के 358 रन के जवाब में मेजबान ने दूसरे दिन का खेल खत्म होने तक उसने 2 विकेट के नुकसान पर 225 रन बना लिए हैं। दोनों ओपनर ने 166 रन की साझेदारी की। जैक क्रॉली 84 और बेन डकेट 94 रन बनाकर आउट हुए। तीसरे दिन भारत को अगर मैच में वापसी करनी है तो गेंदबाजों को पहले सत्र में विकेट निकालने होंगे।



