GK: ‘नमस्ते’, ‘नमस्कार’ और ‘प्रणाम’ में क्या अंतर है? बहुत लोग नहीं जानते फर्क

नई दिल्ली .किसी से मिलते ही हाथ जोड़कर अभिवादन करना भारतीय परंपरा का हिस्सा है. अक्सर लोग ‘नमस्ते’, ‘नमस्कार’ और ‘प्रणाम’ को एक ही समझ लेते हैं और बिना सोचे-समझे किसी को भी कुछ भी बोल देते हैं. लेकिन क्या आप जानते हैं कि हमारी संस्कृति और भाषा में इन तीनों शब्दों के अर्थ, भावना और इस्तेमाल करने का तरीका बिल्कुल अलग-अलग है? गलत जगह पर गलत शब्द का इस्तेमाल करना भले ही कोई अपराध न हो, लेकिन सही जानकारी होना जरूरी है.
भारतीय परंपरा में हर शब्द के पीछे एक गहरा अर्थ और भावना छिपी होती है. अभिवादन का यह तरीका केवल फॉर्मेलिटी निभाने का जरिया नहीं है, बल्कि सामने वाले व्यक्ति के प्रति हमारे आदर और भाव को भी प्रकट करता है. अपने से छोटों, हमउम्र दोस्तों, अनजान लोगों और बुजुर्गों को सम्मान देने का तरीका अलग-अलग होता है. जनरल नॉलेज में जानिए अभिवादन के 3 सबसे प्रचलित शब्दों- नमस्ते, नमस्कार और प्रणाम के बीच क्या अंतर है और किसका इस्तेमाल कब करना चाहिए.
‘नमस्ते’ क्या है और इसे किसे कहना चाहिए?
‘नमस्ते’ शब्द संस्कृत के 2 शब्दों ‘नमः’ और ‘ते’ से मिलकर बना है. नमः का अर्थ होता है झुकना या आदर करना और ते का अर्थ होता है आपको.. यानी नमस्ते का सीधा सा मतलब है- ‘मैं आपके सामने झुकता हूं या आपको नमन करता हूं.’ इसका इस्तेमाल हम अपने बराबर वाले लोगों, दोस्तों या अपने से छोटी उम्र के लोगों के लिए करते हैं. जब आप किसी से अनौपचारिक (Informal) माहौल में मिलते हैं तो ‘नमस्ते’ कहना सबसे सही माना जाता है.
‘नमस्कार’ का सही मतलब और इसकी खास बात
‘नमस्कार’ शब्द ‘नमः’ और ‘कार’ से मिलकर बना है. यहां कार का मतलब है आकृति या भावना. जब हम एक साथ कई लोगों या किसी सभा को संबोधित करते हैं तो ‘नमस्कार’ कहना सबसे उपयुक्त होता है. यह एक औपचारिक (Formal) अभिवादन है. जब आप ऑफिस में, किसी मीटिंग में या अपने से बड़े और सम्मानित व्यक्ति से मिलते हैं तो नमस्कार कहा जाता है. इसमें व्यक्ति के अंदर की श्रेष्ठता और आत्मा का सम्मान करने का भाव होता है.
‘प्रणाम’ कब और किसे करना चाहिए?
‘प्रणाम’ शब्द ‘प्र’ और ‘नाम’ से मिलकर बना है, जहां ‘प्र’ का अर्थ होता है खास या उत्तम और ‘नाम’ का अर्थ है नमन.. यानी पूरी श्रद्धा और समर्पण के साथ किसी के आगे सिर झुकाना. प्रणाम कभी भी अपने से छोटों या बराबरी वालों को नहीं किया जाता. यह हमेशा अपने से बड़ों, माता-पिता, गुरुओं, बुजुर्गों और ईश्वर के प्रति सम्मान प्रकट करने के लिए होता है. प्रणाम करते समय अक्सर लोग चरण स्पर्श भी करते हैं, जो सबसे ऊंचे स्तर का आदर दिखाता है.
नमस्ते, नमस्कार और प्रणाम में क्या अंतर है?
- नमस्ते: एक व्यक्ति से दूसरे व्यक्ति का सामान्य और आत्मीय अभिवादन (बराबरी वालों के लिए).
- नमस्कार: एक से अधिक लोगों या फॉर्मल जगह पर सभी की आत्मा को नमन (आदरसूचक).
- प्रणाम: अपने से बड़ों और गुरुओं के प्रति पूर्ण श्रद्धा, समर्पण और भक्ति (उत्कृष्ट सम्मान).



