ब्रह्म मुहूर्त में उठने से सेहत को मिलते हैं ये 5 फायदे, जानें इस समय जागने के लिए खुद को कैसे करें तैयार

सनातन धर्म में ब्रह्म मुहूर्त में जागने का खास महत्व बताया गया है। माना जाता है कि इस समय जागने से व्यक्ति को सौंदर्य, बल, विद्या, बुद्धि और स्वास्थ्य की प्राप्ति होती है। लेकिन आजकल की बिजी लाइफस्टाइल के चलते लोग देर रात तक जागते हैं और देर सुबह उठते हैं। जिसका बुरा असर ना सिर्फ उनकी फिजिकल हेल्थ बल्कि मेंटल हेल्थ पर भी पड़ता है। एक्सपर्ट्स की मानें तो ब्रह्ममुहूर्त में जागने से व्यक्ति को ना सिर्फ शारीरिक बल्कि मानसिक फायदे भी मिलते हैं। बावजूद इसके कई बार कुछ लोग ब्रह्म मुहूर्त में उठने के फायदे तो जानते हैं लेकिन उनके लिए सुबह जल्दी उठना मुमकिन नहीं हो पाता है। ऐसे में आइए जानते हैं ब्रह्म मुहूर्त में उठने से सेहत को क्या फायदे मिलते हैं और सुबह जल्दी उठने के लिए व्यक्ति को क्या तरीके अपनाने चाहिए।
ब्रह्म मुहूर्त में उठने से सेहत को मिलते हैं क्या फायदे
बेहतर पाचन
ब्रह्म मुहूर्त में जागने से शरीर की जैविक घड़ी (circadian rhythm) नियमित होती है, जिससे पाचन तंत्र मजबूत और मेटाबॉलिज्म बेहतर होता है।
ऊर्जा और स्फूर्ति
ब्रह्म मुहूर्त में हवा में ऑक्सीजन की मात्रा अधिक होती है, जो शरीर को ताजगी और ऊर्जा प्रदान करती है। यह दिनभर की थकान को कम करने में मदद करता है।
बेहतर नींद चक्र
ब्रह्म मुहूर्त में जागने से नींद का पैटर्न नियमित होता है, जिससे अनिद्रा की समस्या कम होती है और नींद की गुणवत्ता में सुधार होता है।
बेहतर इम्यूनिटी
नियमित रूप से ब्रह्म मुहूर्त के समय जागने से शरीर की इम्यूनिटी बूस्ट होती है। इस समय वातावरण में शुद्ध ऑक्सीजन की मात्रा अधिक होती है, जो शरीर की रोग प्रतिरोधक क्षमता को बढ़ाकर त्रिदोषों को संतुलित और हार्मोनल कार्यों में सहायता करता है, जिससे समग्र स्वास्थ्य बेहतर होता है।
मानसिक तनाव से राहत
ब्रह्म मुहूर्त में वातावरण शांत और शुद्ध होता है, जिससे मन शांत रहता है। यह ध्यान, योग और प्राणायाम के लिए आदर्श समय है, जो मानसिक तनाव को कम करता है और एकाग्रता बढ़ाता है।
ब्रह्म मुहूर्त में उठने के लिए अपनाएं ये तरीके
-ब्रह्म मुहूर्त में उठने के लिए रात को जल्दी सोने की आदत डालें। रोजाना 7 घंटे की नींद लेने का लक्ष्य रखें।
-ब्रह्म मुहूर्त में उठने के लिए रात का डिनर हैवी लेने से बचें। आप रात की डाइट में खिचड़ी जैसी चीजों को शामिल कर सकते हैं।
-ब्रह्म मुहूर्त से 15 मिनट पहले का अलार्म लगाएं। ऐसा करने से आपकी नींद तुरंत खुल जाएगी। शुरुआत में आपको 1-2 दिन सुस्ती महसूस हो सकती है लेकिन कुछ दिन बाद आप आपको सुबह जल्दी उठने की आदत पड़ जाएगी।



