व्यापार जगत

चहल और ईशांत की नई पारी, क्रिकेट के बाद अब बिजनेस की पिच पर दोनों खिलाड़ी, बोले- हमारा प्रोडक्ट बनेगा नंबर 1

भारतीय क्रिकेट टीम के दिग्गज स्पिनर युजवेंद्र चहल और तेज गेंदबाज ईशांत शर्मा ने मिलकर बिजनेस की दुनिया में कदम रखा है। दोनों खिलाड़ियों ने मिलकर अपना नया एनर्जी ड्रिंक Aquon बाजार में लॉन्च कर दिया है। चहल का कहना है कि यह ड्रिंक किसी खास वर्ग के लिए नहीं, बल्कि हर उम्र के लोगों के लिए फायदेमंद है।

इस ड्रिंक को तैयार करने में सेहत का पूरा ध्यान रखा गया है। चहल ने बताया कि इसमें शुगर यानी चीनी की मात्रा सिर्फ 10 प्रतिशत रखी गई है, जो हमारे शरीर के लिए जरूरी और सुरक्षित है। अक्सर खिलाड़ी एनर्जी के लिए चॉकलेट खाते हैं, लेकिन इस ड्रिंक के बाद उन्हें इसकी जरूरत नहीं पड़ेगी। युजवेंद्र चहल ने अपने इस नए सफर के बारे में बात करते हुए कहा कि वह क्रिकेट खेलने के साथ-साथ खुद का एक ब्रांड बनाना चाहते थे। उन्होंने बचपन के दिनों को याद करते हुए कहा कि जैसे लोग बचपन में बड़े शौक से रसना पीते थे, वैसे ही इस एनर्जी ड्रिंक को भी खिलाड़ी से लेकर आम आदमी तक हर कोई चाव से पी सकता है।

इस बेहतरीन प्रोडक्ट को तैयार करने में दोनों क्रिकेटर्स को करीब 7 से 8 महीने का लंबा समय लगा। चहल और ईशांत ने बाजार में इसे उतारने से पहले कई तरह के ड्रिंक्स का खुद टेस्ट किया, जिसके बाद आखिरकार ‘एक्वॉन’ को फाइनल लुक और स्वाद दिया गया।

जब चहल से पूछा गया कि लगातार क्रिकेट खेलने के बीच इस बिजनेस के लिए वक्त निकालना कितना मुश्किल था? तो उन्होंने साफ कहा कि वह आईपीएल और काउंटी क्रिकेट में लगातार व्यस्त हैं, लेकिन वह हमेशा से अपना एक खुद का ब्रांड चाहते थे। इसलिए जैसे ही थोड़ा समय मिला, उन्होंने इस पर काम शुरू कर दिया।

दूसरी तरफ, तेज गेंदबाज ईशांत शर्मा ने बताया कि उनका पूरा ध्यान किसी टैगलाइन पर नहीं, बल्कि सिर्फ एक शानदार प्रोडक्ट बनाने पर था। उन्होंने कहा कि हमारा मकसद एक ऐसा ड्रिंक तैयार करना था, जो सेहत को नुकसान पहुंचाए बिना लोगों को खूब पसंद आए।

हमारा प्रोडक्ट ही बनेगा नंबर वन

मार्केट में पहले से मौजूद कॉम्पिटिशन पर ईशांत शर्मा ने क्रिकेट का बहुत ही सुंदर उदाहरण दिया। उन्होंने कहा कि खेल की तरह ही बिजनेस में भी प्रतिद्वंद्वी होते हैं। मैदान पर जो आप करते हैं, वही बाकी खिलाड़ी भी करते हैं। बाजार में भी कई ड्रिंक्स से कड़ी टक्कर मिल सकती है।

ईशांत ने पूरे भरोसे के साथ कहा कि अगर आपका प्रोडक्ट वाकई दमदार और अच्छा है, तो इस बात से कोई फर्क नहीं पड़ता कि मार्केट में कितने कॉम्पिटिटर्स मौजूद हैं। अगर क्वालिटी अच्छी होगी, तो आपका प्रोडक्ट खुद-ब-खुद नंबर वन बन जाएगा।

Show More

Related Articles

Back to top button