भारत

BRICS Summit 2026: PM मोदी ने दुनिया को दिया सहयोग का संदेश, रोजगार, आपदा प्रबंधन और क्लीन एनर्जी पर फोकस


नई दिल्ली। भारत मंडपम में आयोजित 18वें BRICS शिखर सम्मेलन के अंतिम दिन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने विदेशी प्रतिनिधियों के साथ फैमिली फोटो में हिस्सा लिया और सम्मेलन को संबोधित किया। उन्होंने BRICS के बढ़ते प्रभाव और सदस्य देशों के बीच आपसी सहयोग को मजबूत करने पर जोर दिया।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि भारत की अध्यक्षता में BRICS के एजेंडे को चार प्रमुख आधारों—लचीलापन, नवाचार, सहयोग और स्थिरता—के साथ आगे बढ़ाया गया है। उन्होंने कहा कि मौजूदा वैश्विक परिस्थितियों में बढ़ते तनाव और चुनौतियों का असर आम लोगों के जीवन पर पड़ रहा है। ऐसे समय में देशों के बीच बेहतर समन्वय और साझा प्रयास बेहद जरूरी हैं।
पीएम मोदी ने स्वास्थ्य और आपदा प्रबंधन के क्षेत्र में हुई प्रगति का भी उल्लेख किया। उन्होंने बताया कि संक्रामक बीमारियों से समय रहते निपटने के लिए BRICS Integrated Early Warning System पर सहमति बनी है। इसके अलावा आपदाओं से जुड़ी शुरुआती चेतावनी के आंकड़ों को साझा करने के लिए दिशा-निर्देश तैयार किए गए हैं।
सप्लाई चेन को मजबूत करने के लिए BRICS Logistics Supply Chain Cooperation Framework को महत्वपूर्ण पहल बताते हुए प्रधानमंत्री ने कहा कि इससे सदस्य देशों के बीच आपूर्ति व्यवस्था को अधिक भरोसेमंद बनाने में मदद मिलेगी। वहीं BRICS Incubator Network के जरिए स्टार्टअप और इनक्यूबेटर्स को आपस में जोड़ने की दिशा में काम किया जा रहा है।
प्रधानमंत्री ने कहा कि BRICS का दायरा केवल सरकारों तक सीमित नहीं होना चाहिए। इसमें किसान, उद्यमी, शोधकर्ता, महिलाएं, युवा और आम नागरिक भी सक्रिय रूप से भागीदार बनें। रोजगार और कौशल विकास को बढ़ावा देने के लिए BRICS Connect के माध्यम से कई क्षेत्रों में सहयोग बढ़ाया जा रहा है।
छोटे और मध्यम उद्यमों को आगे बढ़ाने के लिए BRICS MSME Cooperation Portal की पहल का भी जिक्र किया गया। इसके जरिए छोटे कारोबारों को जानकारी, वित्तीय संसाधनों और नए बाजारों तक पहुंच उपलब्ध कराने का प्रयास किया जाएगा।
पर्यावरण और स्वच्छ ऊर्जा को लेकर पीएम मोदी ने कहा कि विकास और पर्यावरण एक-दूसरे के विरोधी नहीं हैं। इसी सोच के तहत स्मार्ट ग्रिड और ऊर्जा भंडारण के क्षेत्र में BRICS Digital Centre of Excellence की स्थापना की गई है। इसका उद्देश्य स्वच्छ ऊर्जा व्यवस्था को अधिक प्रभावी और भरोसेमंद बनाना है।
प्रधानमंत्री ने कहा कि BRICS में ग्लोबल साउथ के देशों का विश्वास लगातार मजबूत हुआ है। उन्होंने कहा कि इस मंच पर देशों की आवाज सुनी जाती है, उनके अनुभवों का सम्मान किया जाता है और समाधान उनके साथ मिलकर तैयार किए जाते हैं। पीएम मोदी ने कहा कि BRICS की सबसे बड़ी ताकत उसकी विविधता, आपसी विश्वास और सहयोग में है।

Show More

Related Articles

Back to top button