BSP के निजीकरण की आशंका पर AAP का विरोध, अभिषेक मिश्रा बोले—‘भिलाई स्टील प्लांट देश की धरोहर’

रायपुर। आम आदमी पार्टी छत्तीसगढ़ के कार्यकारी प्रदेश अध्यक्ष अभिषेक मिश्रा ने केंद्र सरकार की निजीकरण नीतियों पर सवाल उठाते हुए भिलाई स्टील प्लांट (BSP) को निजी हाथों में सौंपे जाने की आशंका पर कड़ा विरोध जताया है। उन्होंने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार लगातार देश की महत्वपूर्ण सरकारी संपत्तियों को निजी कंपनियों के हवाले करने की दिशा में काम कर रही है।

अभिषेक मिश्रा ने IDBI बैंक के निजीकरण से जुड़ी चर्चाओं और उद्योगपति गौतम अडानी के भिलाई दौरे का उल्लेख करते हुए BSP के भविष्य को लेकर चिंता जताई। उन्होंने कहा कि भिलाई स्टील प्लांट केवल एक औद्योगिक इकाई नहीं, बल्कि छत्तीसगढ़ का गौरव, देश के औद्योगिक विकास की पहचान और हजारों परिवारों की आजीविका का आधार है।
AAP नेता ने आरोप लगाया कि वर्ष 2014 से केंद्र सरकार की नीतियां सरकारी संपत्तियों के निजीकरण को बढ़ावा दे रही हैं। उन्होंने कहा कि बैंक, एयरपोर्ट, रेलवे और बंदरगाहों के बाद अब सार्वजनिक क्षेत्र के इस्पात संयंत्रों को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं।
अभिषेक मिश्रा ने केंद्र सरकार से भिलाई स्टील प्लांट और अन्य राष्ट्रीय संपत्तियों के निजीकरण की किसी भी संभावित योजना पर रोक लगाने की मांग की। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि BSP को निजी हाथों में सौंपने का प्रयास किया गया, तो आम आदमी पार्टी कर्मचारियों और जनता के साथ मिलकर आंदोलन करेगी।
उन्होंने कहा कि भिलाई स्टील प्लांट देश की धरोहर है और इसके हितों की रक्षा के लिए पार्टी हर स्तर पर विरोध करेगी।



