खेल जगत

पंजाब को धूल चटाकर टॉप पर पहुंची सनराइजर्स हैदराबाद, बदल गया पॉइंट्स टेबल का पूरा समीकरण, RCB को भी लगा झटका

आईपीएल 2026 का 49वां मैच बुधवार को सनराइजर्स हैदराबाद (SRH) और पंजाब किंग्स (PBKS) के बीच हैदराबाद के राजीव गांधी अंतरराष्ट्रीय स्टेडियम में खेला गया। इस सीजन दोनों के बीच यह दूसरा मुकाबला था। जिसे SRH ने 33 रनों से जीत लिया। इस जीत के साथ ही सनराइजर्स 14 अंकों के साथ पॉइंट्स टेबल में टॉप पर आ गई। 

टॉस हारने के बाद पहले बल्लेबाजी करने उतरी एसआरएच ने  20 ओवर में 4 विकेट पर 235 रन बनाए थे। हैदराबाद के लिए हेनरिक क्लासेन ने 43 गेंदों पर 69 रन की शानदार पारी खेली। क्लासेन के अलावा अभिषेक शर्मा 35, ट्रेविस हेड 38, ईशान किशन 55 और नीतीश कुमार रेड्डी ने 13 गेंदों पर 29 रनों की ताबड़तोड़ पारी खेली। जवाब में पंजाब किंग्स 20 ओवर में 7 विकेट पर 202 रन बना सकी और 33 रन से मैच हार गई। 

सनराइजर्स हैदराबाद 11 मैचों में 7 जीत के साथ 14 अंक लेकर पहले स्थान पर है। पंजाब किंग्स 10 मैचों से 13 अंक लेकर दूसरे, आरसीबी 9 मैचों से 12 अंक लेकर तीसरे, राजस्थान रॉयल्स 10 मैचों से 12 अंक लेकर चौथे और गुजरात टाइटंस 10 मैचों से 12 अंक लेकर पांचवें स्थान पर है।

चेन्नई सुपर किंग्स 10 मैचों से 10 अंक लेकर छठे, दिल्ली कैपिटल्स 10 मैचों से 8 अंक लेकर सातवें, कोलकाता नाइट राइडर्स 9 मैचों से 7 अंक लेकर आठवें, एमआई 10 मैचों से 6 अंक लेकर नौवें और एलएसजी 9 मैचों से 4 अंक लेकर दसवें स्थान पर है। समान अंक के बावजूद टीमों की रैंकिंग में अंतर रन रेट की वजह से है। 

SRH-पंजाब किंग्स मैच के बाद ऑरेंज कैप एक बार फिर से एसआरएच के बल्लेबाज हेनरिक क्लासेन के पास आ गई है। क्लासेन ने 43 गेंदों पर 69 रनों की पारी खेली थी। क्लासेन के सीजन के 11 मैचों की 11 पारियों में 494 रन हो गए हैं। एसआरएच के ही अभिषेक शर्मा दूसरे नंबर पर हैं। अभिषेक के 11 मैचों की 11 पारियों में 475 रन हैं। 

वहीं, पर्पल कैप आरसीबी के तेज गेंदबाज भुवनेश्वर कुमार के पास है। भुवनेश्वर ने 9 मैचों में 17 विकेट लिए हैं। दो नंबर पर चेन्नई सुपर किंग्स के तेज गेंदबाज अंशुल कंबोज हैं। कंबोज ने 10 मैचों में 17 विकेट लिए हैं।  

Show More

Related Articles

Back to top button