हमर छत्तीसगढ़

सूरजपुर में युवती की गला रेतकर हत्या, मोरभंज डेम के पास जंगल में मिला शव

सूरजपुर । जिले के जयनगर थाना क्षेत्र में शुक्रवार को एक सनसनीखेज वारदात सामने आई, जहां एक युवती की गला रेतकर हत्या कर दी गई। मृतका की पहचान पिंकी सोलंकी (26 वर्ष), निवासी ग्राम गांधीनगर, अंबिकापुर के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार, पिंकी 29 जनवरी की दोपहर घर से निकली थी, लेकिन वापस नहीं लौटी। अगले दिन शुक्रवार दोपहर करीब 3 बजे ग्रामीणों ने मोरभंज डेम के पास जंगल किनारे उसका शव देखा और पुलिस को सूचना दी।

सूचना मिलते ही एसडीओपी अभिषेक पैकरा, जयनगर थाना प्रभारी निरीक्षक रूपेश कुंतल एक्का और पुलिस टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव का पंचनामा कर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है। प्रारंभिक जांच में मृतका के गले पर धारदार हथियार से वार के निशान मिले हैं, जिससे हत्या की आशंका जताई जा रही है।

परिजनों के अनुसार, पिंकी ने पहली शादी छोड़कर पटना पंडोपारा निवासी हेमंत कुमार उर्फ गोलू से प्रेम विवाह किया था। दोनों के बीच अक्सर विवाद होता था, जिसके चलते वह बेटी के साथ अलग रह रही थी। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है। घटना के बाद क्षेत्र में दहशत का माहौल है, जबकि पुलिस ने जल्द आरोपियों तक पहुंचने का भरोसा दिलाया है।

Show More

Related Articles

Back to top button