लाइफ स्टाइलस्वास्थ्य

रोजाना पहन रहे हैं कॉन्टैक्ट लेंस? पहले जान लें कितनी देर तक हैं सुरक्षित

कुछ साल पहले तक ज्यादातर लोग नजर की समस्या होने पर चश्मा पहनते थे। लेकिन अब हालात काफी बदल चुके हैं। कॉलेज जाने वाले युवा हों, नौकरी करने वाले लोग हों या फिर फैशन पसंद करने वाले लोग, बड़ी संख्या में लोग कॉन्टैक्ट लेंस का इस्तेमाल कर रहे हैं। कई लोगों को लगता है कि लेंस लगाने से चेहरा ज्यादा आकर्षक दिखता है, जबकि कुछ लोग चश्मे की झंझट से बचने के लिए इन्हें चुनते हैं।

यहीं से एक बड़ी गलती शुरू होती है। कई लोग सुबह घर से निकलते समय लेंस लगा लेते हैं और फिर घंटों निकालते नहीं, कुछ तो गलती से लेंस लगाकर सो भी जाते हैं। यह आदत धीरे-धीरे आंखों को नुकसान पहुंचा सकती है।

आजकल कॉन्टैक्ट लेंस इतने लोकप्रिय क्यों हैं?

  • सुविधा: चश्मे की तरह बार-बार उसे साफ करने या संभालने की जरूरत नहीं पड़ती।
  • लुक: बहुत से लोग बिना चश्मे के अपना चेहरा ज्यादा पसंद करते हैं। रंगीन लेंस ने भी लोगों को अपनी तरफ आकर्षित किया है।
  • इसके अलावा खेलकूद, यात्रा और खास मौकों पर भी लेंस पहनना आसान होता है।

आखिर लेंस कितनी देर तक पहनना सुरक्षित माना जाता है?

  1. यह इस बात पर निर्भर करता है कि आप किस तरह का लेंस इस्तेमाल कर रहे हैं। आमतौर पर विशेषज्ञ रोजाना 8-12 घंटे तक लेंस पहनने की सलाह देते हैं। रात में सोने से पहले लेंस जरूर निकाल देने चाहिए।
  2. अगर आपकी आंखें जल्दी सूखती हैं या उनमें संवेदनशीलता है, तो लेंस पहनने का समय और भी कम रखना चाहिए।
  3. इसके अलावा यदि आप पहली बार लैंस का इस्तेमाल कर रहे हैं तो शुरुआत में इसे सिर्फ 4-5 घंटे ही पहनें ताकि आंखों को इसकी आदत हो सके।

जरूरत से ज्यादा देर तक लेंस पहनने से क्या हो सकता है?

  1. आंखों में सूखापन: कई लोगों को शाम होते-होते आंखों में खिंचाव और सूखापन महसूस होने लगता है। इसकी वजह लंबे समय तक लेंस का इस्तेमाल हो सकता है।
  2. बार-बार आंखें लाल होना: जब आंखों को पर्याप्त आराम नहीं मिलता, तो उनमें लालिमा दिखाई देने लगती है।
  3. जलन और चुभन: अगर लेंस लंबे समय तक आंखों में रहें, तो जलन और चुभन की समस्या हो सकती है।
  4. धुंधला दिखाई देना: कई बार आंखों पर ज्यादा दबाव पड़ने से चीजें साफ दिखाई नहीं देतीं।
  5. इंफेक्शन का खतरा: लेंस को सही तरीके से साफ ना करना या जरूरत से ज्यादा देर तक पहनना इंफेक्शन का कारण बन सकता है। गंभीर मामलों में यह आंखों की रोशनी को भी प्रभावित कर सकता है।

इन बातों का रखें खास ध्यान

  • गंदे हाथों से लेंस लगाने पर कीटाणु आंखों तक पहुंच सकते हैं।
  • हर बार इस्तेमाल के बाद लेंस को अच्छी तरह साफ करें।
  • लेंस लगाकर कभी ना सोएं।
  • अगर पूरे दिन लेंस पहनते हैं, तो कुछ समय बिना लेंस के भी रहें।
  • अगर आंखों में परेशानी महसूस हो रही है, तो आंखों के विशेषज्ञ से सही सलाह लें।
Show More

Related Articles

Back to top button