जगदलपुर में किसानों का प्रदर्शन, पांच घंटे की चर्चा के बाद आंदोलन स्थगित

जगदलपुर। किसानों को मुआवजा देने सहित विभिन्न मांगों को लेकर भारतीय किसान संघ ने जगदलपुर में प्रदर्शन किया। मां दंतेश्वरी मंदिर के सामने आयोजित इस प्रदर्शन के बाद प्रशासनिक अधिकारियों ने किसान संघ के पदाधिकारियों से बातचीत की। करीब पांच घंटे तक चली बैठक में अधिकारियों ने मांगों को समयबद्ध तरीके से पूरा करने का भरोसा दिलाया, जिसके बाद किसान संघ ने फिलहाल आंदोलन स्थगित करने का फैसला लिया।
दरअसल, भारतीय किसान संघ की स्थानीय इकाई ने अपनी मांगों को लेकर प्रदर्शन शुरू किया था। आंदोलन को देखते हुए प्रशासन ने संघ के प्रतिनिधियों को चर्चा के लिए बुलाया। इस दौरान रैली की अनुमति को लेकर कुछ देर तक गहमागहमी भी हुई। बाद में अधिकारियों की समझाइश पर किसान संघ के पदाधिकारी कलेक्टर कार्यालय स्थित आस्था हॉल पहुंचे।
यहां कलेक्टर सहित वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारियों और किसान संघ के प्रतिनिधियों के बीच करीब पांच घंटे तक बैठक चली। बैठक में अधिकारियों ने किसानों की मांगों को गंभीरता से सुना और उन्हें तय समयसीमा में पूरा करने का आश्वासन दिया। प्रशासन के इस भरोसे के बाद किसान संघ ने फिलहाल अपना आंदोलन स्थगित कर दिया।



