मैंने आपका क्या बिगाड़ा… ममता बनर्जी की हार पर BJP नेता ने साधा निशाना, लपेटे में आ गए Anupam Kher

नई दिल्ली। पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के नतीजे सामने आ गए हैं। बीजेपी (BJP) ने चुनाव में 294 में से 206 सीटें जीतीं हैं। भारतीय जनता पार्टी इस धमाकेदार जीत के बाद बंगाल में सरकार बनाने के लिए तैयार है।
इस बीच भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता समिक भट्टाचार्य ने तृणमूल कांग्रेस (TMC) पर एक कटाक्ष किया जोकि काफी ज्यादा वायरल हो रहा है। दरअसल बातचीत में उन्होंने बॉलीवुड एक्टर अनुपम खेर (Anupam Kher) को भी लपेटे में ले लिया। वायरल हो रहे वीडियो में समिक भट्टाचार्य कह रहे हैं,”अनुपम खेर के सिर पर फिर से बाल उग सकते हैं, लेकिन तृणमूल कांग्रेस सत्ता में आए ये हो ही नहीं सकता।” समिक भट्टाचार्य ने टीएमसी की अपनी आलोचना पर आगे कहा, “आसमां जमीन पर आ सकता है, समुंदर आसमान पर चढ़ सकता है, अनुपम खेर के सिर पर फिर से बाल आ सकता है, लेकिन तृणमूल कांग्रेस सत्ता में आ ही नहीं सकती।”
इसने कई लोगों का ध्यान आकर्षित किया और खुद अनुपम खेर ने इसे अपने इंस्टाग्राम पर रीशेयर किया है। उन्होंने लिखा, “अरे भैया जी! मैंने आपका क्या बिगाड़ा है! आप क्यों चाहते हैं कि मेरे सिर पर बाल आ जाएं! मौजूदा हालात में जन्मों तक नहीं चाहूंगा! जय श्री राम!” अनुपम खेर के ये वीडियो शेयर करते ही फैंस मजे लेने लगे। एक यूजर ने लिखा- ‘वो आपसे प्यार करते हैं सर।’ दूसरे ने लिखा- ‘वाह कितना बढ़िया उदाहरण दिया है।’ बता दें कि यह टिप्पणी एक हल्की-फुल्की राजनीतिक चुटकी थी और सभी ने इसे उसी तरह से लिया।



