हमर छत्तीसगढ़

फरार शोएब ढेबर का पुलिस नेटवर्क बेनकाब? इंस्पेक्टर विनीत दुबे सस्पेंड, दो आरक्षक भी पहले हो चुके हैं निलंबित

रायपुर। कांग्रेस नेता आनंदमल कुकरेजा से 25 करोड़ रुपये की रंगदारी मांगने के मामले में फरार चल रहे शोएब ढेबर की तलाश तेज है। इस बीच मामले में पुलिस विभाग ने बड़ी कार्रवाई की है। आरोपी की गिरफ्तारी से जुड़ी गोपनीय जानकारी लीक होने और उसकी कथित मदद करने के आरोप में निरीक्षक विनीत दुबे को निलंबित कर दिया गया है। बस्तर आईजी बद्री नारायण मीणा ने निलंबन आदेश जारी किया है। यह कार्रवाई रायपुर पुलिस कमिश्नर डॉ. संजीव शुक्ला की ओर से 30 अक्टूबर को भेजे गए प्रतिवेदन के आधार पर की गई है।

गिरफ्तारी की योजना लीक होने का आरोप

जानकारी के मुताबिक, तेलीबांधा थाने में दर्ज अपराध क्रमांक 403/2026 की जांच के दौरान निरीक्षक विनीत दुबे के संदिग्ध आचरण को निलंबन का आधार बनाया गया है। आरोप है कि फरार आरोपी शोएब ढेबर को पकड़ने के लिए पुलिस ने खम्हारडीह इलाके में दबिश देने की योजना बनाई थी। हालांकि, कार्रवाई से पहले ही पुलिस की गोपनीय सूचना लीक हो गई और आरोपी मौके से निकल गया।

इस घटना के बाद पुलिस विभाग में गोपनीय जानकारी लीक होने को लेकर जांच शुरू की गई। इससे पहले एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट (ACCU) के आरक्षक शिवम द्विवेदी और राहुल सिंह गौतम को भी निलंबित किया जा चुका है। अब निरीक्षक विनीत दुबे पर हुई कार्रवाई से पुलिस महकमे में हलचल है।

शोएब ढेबर पर 15 हजार रुपये का इनाम

शोएब ढेबर कांग्रेस नेता आनंदमल कुकरेजा से 25 करोड़ रुपये की रंगदारी मांगने के मामले में फरार है। उसकी गिरफ्तारी के लिए रायपुर पुलिस कमिश्नर डॉ. संजीव शुक्ला ने 10 हजार रुपये का इनाम घोषित किया है। इससे पहले सेंट्रल डीसीपी की ओर से 5 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया था। इस तरह आरोपी की सूचना देने वाले के लिए कुल 15 हजार रुपये का इनाम रखा गया है।

पुलिस का कहना है कि आरोपी के संबंध में पुख्ता जानकारी देने वाले व्यक्ति को घोषित इनाम दिया जाएगा। उसकी तलाश के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं।

क्या है 25 करोड़ की रंगदारी का मामला?

पुलिस में दर्ज शिकायत के मुताबिक, 14 सितंबर को आनंदमल कुकरेजा के मोबाइल पर एक विदेशी नंबर से व्हाट्सऐप के जरिए धमकी भरे संदेश भेजे गए थे। संदेश भेजने वाले ने कथित तौर पर खुद को अमन साहू गैंग से जुड़ा बताते हुए 25 करोड़ रुपये की फिरौती मांगी थी। साथ ही प्रार्थी, उनके बेटे और परिवार के अन्य सदस्यों को जान से मारने की धमकी भी दी गई थी।

शिकायत के बाद तेलीबांधा थाने में अपराध दर्ज किया गया। एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट और तेलीबांधा पुलिस ने संयुक्त रूप से जांच शुरू की। तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने शोएब ढेबर को पकड़ा था। उसके कब्जे से मामले से संबंधित पांच आईफोन भी जब्त किए गए थे, जिनकी कीमत करीब पांच लाख रुपये बताई गई थी।

इसके बाद आरोपी को अदालत में पेश किया गया। मामले में दोबारा गिरफ्तारी की अनुमति के लिए पुलिस ने अदालत का रुख किया था, जिसे मंजूरी मिल गई थी। हालांकि, इसके बाद से शोएब ढेबर पुलिस की गिरफ्त से बाहर है।

फिलहाल, पुलिस आरोपी की तलाश में जुटी है। वहीं, गिरफ्तारी की गोपनीय जानकारी लीक होने के मामले में पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों पर हो रही कार्रवाई ने इस पूरे प्रकरण को और गंभीर बना दिया है।

Show More

Related Articles

Back to top button