छत्तीसगढ़ में अवैध धान कारोबार पर शिकंजा, ट्रक सहित लाखों का धान जब्त

कवर्धा। छत्तीसगढ़ में समर्थन मूल्य पर धान खरीदी शुरू होते ही अवैध धान के परिवहन और खपाने वालों के खिलाफ प्रशासन ने सख्ती बढ़ा दी है। कबीरधाम जिले के चिल्फी में संयुक्त टीम ने कार्रवाई करते हुए अवैध रूप से ले जाए जा रहे 300 क्विंटल धान को ट्रक सहित जब्त किया है। इस कार्रवाई के बाद अवैध धान कारोबार से जुड़े लोगों में हड़कंप मच गया है।
जानकारी के अनुसार, जिला खाद्य अधिकारी चंद्रशेखर देवांगन के नेतृत्व में खाद्य एवं मंडी विभाग की संयुक्त टीम ने चिल्फी क्षेत्र में जांच अभियान चलाया। इस दौरान एक ट्रक में बड़ी मात्रा में धान का परिवहन होते मिला। टीम ने आवश्यक दस्तावेजों और तथ्यों की जांच के बाद धान और ट्रक को जब्त कर लिया।
सीमावर्ती इलाकों और प्रमुख मार्गों पर निगरानी
समर्थन मूल्य पर धान खरीदी के दौरान अवैध धान की आवक और बिचौलियों के जरिए धान खपाने की आशंका को देखते हुए जिला प्रशासन सतर्क है। जिले के सीमावर्ती क्षेत्रों और प्रमुख मार्गों पर विशेष निगरानी रखी जा रही है। प्रशासन का उद्देश्य दूसरे राज्यों या अन्य माध्यमों से लाए गए अवैध धान को खरीदी केंद्रों तक पहुंचने से रोकना है।
अवैध कारोबार करने वालों पर होगी सख्त कार्रवाई
प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि धान खरीदी व्यवस्था में गड़बड़ी करने, अवैध परिवहन करने और बिचौलियों के माध्यम से धान खपाने वालों को बख्शा नहीं जाएगा। ऐसे मामलों में लगातार जांच और कार्रवाई की जाएगी।
चिल्फी में हुई इस कार्रवाई को अवैध धान परिवहन पर रोक लगाने की दिशा में बड़ी कार्रवाई माना जा रहा है। प्रशासन ने धान खरीदी सीजन के दौरान निगरानी और जांच अभियान जारी रखने की बात कही है।



