भारत

अमिताभ ने जंतर-मंतर प्रदर्शनों पर कुछ नहीं बोला तो शशि थरूर ने कर दिया खेला, 2012 की पोस्ट कर दी री-पोस्ट, लोग बोले-लानत है

नई दिल्ली: जंतर-मंतर पर छात्रों के प्रदर्शन को लेकर बॉलीवुड महानायक अमिताभ बच्चन सोशल मीडिया पर आलोचनाओं के केंद्र में आ गए हैं। प्रदर्शन के संबंध में उनकी ओर से अब तक कोई सार्वजनिक प्रतिक्रिया नहीं आने पर सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर कई यूजर्स ने सवाल उठाए हैं। इस बीच कांग्रेस सांसद शशि थरूर ने 2012 के निर्भया आंदोलन के दौरान अमिताभ बच्चन द्वारा किए गए एक पुराने ट्वीट को री-पोस्ट कर इस बहस को और तेज कर दिया।

2012 के ट्वीट में अमिताभ बच्चन ने दिल्ली में प्रदर्शनकारियों पर आंसू गैस और वॉटर कैनन के इस्तेमाल पर दुख और हैरानी जताई थी। थरूर द्वारा वही पोस्ट दोबारा साझा किए जाने के बाद सोशल मीडिया पर यूजर्स ने उनकी मौजूदा चुप्पी की तुलना पुराने रुख से करते हुए विभिन्न प्रतिक्रियाएं दीं। कई लोगों ने सवाल किया कि जिस मुद्दे पर उन्होंने पहले खुलकर अपनी राय रखी थी, उस तरह की प्रतिक्रिया अब क्यों नहीं दिखाई दे रही है।

गौरतलब है कि जंतर-मंतर पर हाल के दिनों में नीट पेपर लीक मामले और केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग को लेकर छात्रों का प्रदर्शन हुआ, जिसमें पुलिस ने भीड़ को नियंत्रित करने के लिए आंसू गैस और वॉटर कैनन का इस्तेमाल किया। इसी घटनाक्रम के बीच अमिताभ बच्चन की चुप्पी को लेकर सोशल मीडिया पर बहस तेज हो गई।

यह पहला मौका नहीं है जब अमिताभ बच्चन अपने पुराने सोशल मीडिया पोस्टों को लेकर चर्चा में आए हों। इससे पहले भी पेट्रोल-डीजल की बढ़ती कीमतों पर किए गए उनके पुराने ट्वीट वायरल होने के बाद उन्हें ट्रोलिंग का सामना करना पड़ा था। फिलहाल, इस पूरे विवाद पर अमिताभ बच्चन की ओर से कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।

Show More

Related Articles

Back to top button