सिंगर राहुल फाजिलपुरिया पर हमले की साजिश नाकाम, पुलिस मुठभेड़ में 5 शूटर गिरफ्तार

गुरुग्राम में मशहूर सिंगर और रैपर राहुल यादव उर्फ फाजिलपुरिया पर हुए जानलेवा हमले के मामले में पुलिस ने बड़ी कामयाबी हासिल की है। पुलिस ने बीती रात वजीरपुर इलाके में हुई मुठभेड़ के बाद पांच बदमाशों को गिरफ्तार कर लिया। इन पर आरोप है कि यह गैंग फाजिलपुरिया की हत्या की साजिश रच रहा था।
जानकारी के मुताबिक, बदमाश एक इनोवा कार में सवार होकर किसी बड़ी वारदात को अंजाम देने की फिराक में थे। पुलिस को पहले से इनपुट मिला था, जिसके बाद संदिग्ध गाड़ी को रोकने की कोशिश की गई। लेकिन पुलिस को देखते ही बदमाशों ने फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में करीब 18 राउंड गोलियां चलीं। इस दौरान चार बदमाशों के पैरों में गोली लगी, जिन्हें घायल अवस्था में अस्पताल भेजा गया। वहीं पांचवें आरोपी को पुलिस ने बिना घायल हुए ही गिरफ्तार कर लिया। पकड़े गए शूटरों पर आरोप है कि ये वही लोग हैं जिन्होंने 14 जुलाई की रात को गुरुग्राम के बादशाहपुर स्थित सदर्न पेरिफेरल रोड (एसपीआर) पर राहुल फाजिलपुरिया की गाड़ी पर हमला किया था। उस समय सिंगर अपनी थार कार से जा रहे थे और फायरिंग की इस घटना में वे बाल-बाल बच गए थे। यही नहीं, पुलिस जांच में यह भी सामने आया है कि इन्हीं बदमाशों ने 4 अगस्त को फाजिलपुरिया के करीबी दोस्त रोहित शौकीन की हत्या भी की थी। यह वारदात गुरुग्राम की पाम हिल्स सोसायटी के बाहर हुई थी, जिसने पूरे इलाके में सनसनी फैला दी थी।



