इस्तीफा क्यों नहीं दे देते….मनोज तिवारी ने क्यों कसा गौतम गंभीर पर तंज? पाखंडी भी बताया

नई दिल्ली. पूर्व क्रिकेटर मनोज तिवारी और भारतीय टीम के मुख्य कोच गौतम गंभीर के बीच तनावपूर्ण रिश्ते जगजाहिर हैं। उसकी शुरुआत दिल्ली में एक फर्स्ट-क्लास मैच के दौरान दोनों के बीच हुई झड़प से हुई थी। तिवारी अक्सर ये आरोप लगाते रहे हैं कि गंभीर ने उनके साथ गालीगलौज की थी। अब पूर्व क्रिकेटर ने एशिया कप में पाकिस्तान के साथ 14 सितंबर को होने वाले मैच को लेकर गौतम गंभीर को ‘पाखंडी’ बताया है। उन्होंने गंभीर के पुराने इंटरव्यूज का हवाला देते हुए कहा है कि अगर वह पाखंडी नहीं हैं तो मुख्य कोच पद से इस्तीफा क्यों नहीं दे देते। वह तो कहते थे कि पाकिस्तान जब तक सीमा-पार आतंकवाद नहीं रोकता, तब तक उसके साथ कोई भी मैच नहीं खेला जाना चाहिए।
गौतम गंभीर ने इस साल भी पहलगाम आतंकी हमले के बाद भी बयान दिया था। तिवारी ने पहलगाम आतंकी हमले और ऑपरेशन सिंदूर के बाद पाकिस्तान के साथ होने वाले क्रिकेट मैच पर सवाल उठाया है। एशिया कप में 14 सितंबर को दोनों टीमों की भिड़ंत होनी है। टूर्नामेंट में दोनों टीमों के बीच अधिकतम 3 मैच की भी गुंजाइश बन सकती है, अगर दोनों टीमें सुपर 4 और फाइनल के लिए क्वालिफाई करती हैं तब।
वैसे तो भारतीय क्रिकेट टीम काफी वर्षों से पाकिस्तान के साथ कोई द्विपक्षीय सीरीज नहीं खेलती लेकिन अब आईसीसी टूर्नामेंट्स और बहु-पक्षीय सीरीज में भी उसके साथ मैच के बहिष्कार की मांग जोर पकड़ रही है। हालांकि, खेल मंत्रालय ने स्पष्ट किया है कि भारत बहुपक्षीय सीरीज में पाकिस्तान के साथ खेलेगा।
मनोज तिवारी ने क्रिकट्रैकर के साथ बातचीत में कहा, ‘मैंने हमेशा महसूस किया है कि वह पाखंडी हैं। वह पाखंडी इसलिए हैं कि जब वह टीम इंडिया के कोच नहीं थे तब उन्होने कही कहा था कि भारत और पाकिस्तान के बीच कभी भी मैच नहीं होना चाहिए। अब वह क्या करेंगे? वह उस टीम के कोच हैं जो एशिया कप में पाकिस्तान के साथ मैच खेलने जा रही है?’
तिवारी ने तंज कसा, ‘अब आप यह कहकर इस्तीफा क्यों नहीं दे देते कि मैं टीम इंडिया का हिस्सा नहीं रहूंगा क्योंकि आप पाकिस्तान के साथ खेलने जा रहे हैं?’
एशिया कप में पाकिस्तान के साथ मैच का कई विपक्षी सांसदों ने भी विरोध किया है। असदुद्दीन ओवैसी जैसे कुछ सांसदों ने तो संसद में भी यह मुद्दा उठाया था। शिवसेना यूबीटी भी पाकिस्तान के साथ मैच का विरोध कर रही है। लोकसभा में कांग्रेस के उपनेता गौरव गोगोई ने बीसीसीआई के सचिव देवजीत सैकिया को खत लिखकर कहा है कि अगर भारतीय टीम पाकिस्तान के साथ मैच खेलती है तो यह ‘राष्ट्रीय हित’ और जनभावनाओं के खिलाफ होगा।



