भारतसियासी गलियारा

बीजेपी की कैंडिडेट लिस्ट कब तक? कोर कमेटी मीटिंग में अमित शाह ने दे दिया नेताओं को टास्क

बिहार विधानसभा चुनाव को लेकर बीजेपी की चुनावी गतिविधियां जोरों पर हैं। भाजपा चुनाव अभियान और घोषणापत्र के लिए समिति का गठन जल्द किया जाएगा। वहीं, विधानसभा चुनाव में पार्टी के संभावित उम्मीदवारों के चयन पर भी तेजी से काम शुरू किया जाएगा ताकि समय से उनकी सूची जारी की जा सके। दिल्ली में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने बिहार भाजपा के कोर कमेटी के साथ बैठक की, जिसमें चुनाव पर आगे की रणनीति पर चर्चा हुई।

बैठक के बाद भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष डॉ. दिलीप जायसवाल ने कहा कि यह भी निर्णय लिया गया कि दूसरे राज्यों से पार्टी के प्रभारी बनकर जो आते हैं, उन्हें सात-सात विधानसभा की जिम्मेदारी दी जाएगी। सभी प्रभारी अपने क्षेत्र में कैंप करेंगे और वहां की चुनावी रणनीति पर नजर रखेंगे। पार्टी के उम्मीदवारों की सूची पर भी काम शीघ्र शुरू होगा। ताकि, सीट बंटवारे के बाद जो भी सीट भाजपा को मिलेगी, वहां उम्मीदवार पर अंतिम निर्णय लेने में अधिक समय नहीं लगेगा। विपक्षियों द्वारा जनता के बीच भ्रम फैलाने की कोशिश को नाकाम करना है।

बैठक में गृह मंत्री अमित शाह ने पार्टी के नेताओं को निर्देश दिया कि एनडीए के सभी नेताओं के साथ मिलकर आगे का अभियान चलाना है। विधानसभा क्षेत्रों में चल रहे एनडीए कार्यकर्ता सम्मेलन को और प्रभावी बनाना है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के नेतृत्व में बिहार में विकास के जो कार्य हुए हैं, उन्हें घर-घर पहुंचाना है। मतदाताओं से संपर्क कर सरकार की उपलब्धि पर चर्चा करें।

एनडीए में सीट बंटवारे के सवाल पर प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि यह बैठक उस विषय पर नहीं थी। यह मामला केंद्रीय नेतृत्व का होता है। बैठक में दोनों उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी और विजय सिन्हा, केंद्रीय कपड़ा मंत्री गिरिराज सिंह, केंद्रीय गृह राज्य मंत्री नित्यानंद राय, प्रदेश संगठन महामंत्री भिखूभाई दलसानिया, क्षेत्रीय संगठन मंत्री नागेंद्र और राज्य के सांसदगण उपस्थित रहे।

Show More

Related Articles

Back to top button