खेल जगत

कोलंबो में कैसा होगा मौसम और पिच का मिजाज? हेड टू हेड रिकॉर्ड से लाइव स्ट्रीमिंग तक, जानें सबकुछ

ICC T20 World Cup 2026 के तहत 15 फरवरी को भारत और पाकिस्तान के बीच हाई-वोल्टेज मुकाबला खेला जाएगा। यह मैच R. Premadasa Stadium में आयोजित होगा, जहां हमेशा बड़े मैचों का रोमांच अलग ही स्तर पर देखने को मिलता है। दोनों टीमें इस समय शानदार लय में हैं और टूर्नामेंट में अपने-अपने शुरुआती दो मुकाबले जीत चुकी हैं। ऐसे में फैंस को एक और यादगार भिड़ंत की उम्मीद है।

टी20 वर्ल्ड कप में हेड टू हेड रिकॉर्ड

टी20 वर्ल्ड कप के इतिहास में भारत का पलड़ा पाकिस्तान पर भारी रहा है। दोनों टीमों के बीच अब तक कुल 8 मुकाबले खेले गए हैं, जिनमें से 7 में भारत ने जीत दर्ज की है, जबकि पाकिस्तान को सिर्फ 1 जीत मिली है। भारत को एकमात्र हार साल 2021 के मुकाबले में झेलनी पड़ी थी। इसके अलावा हर बार भारतीय टीम ने दबदबा बनाए रखा है। यही कारण है कि आगामी मैच में भी टीम इंडिया को मजबूत दावेदार माना जा रहा है।

ओवरऑल टी20 इंटरनेशनल आंकड़े

अगर ओवरऑल टी20 इंटरनेशनल रिकॉर्ड की बात करें तो यहां भी भारत का प्रदर्शन बेहतर रहा है। अब तक दोनों देशों के बीच 16 टी20 इंटरनेशनल मुकाबले खेले गए हैं। इनमें भारत ने 12 मैच जीते हैं, जबकि पाकिस्तान को 3 मुकाबलों में सफलता मिली है। एक मैच टाई भी रहा है। आंकड़े साफ बताते हैं कि छोटे फॉर्मेट में भारतीय टीम ने पाकिस्तान पर लगातार बढ़त बनाई हुई है।

पिच रिपोर्ट

फैंस के लिए राहत की बात यह है कि आर प्रेमदासा मैदान का जल निकासी तंत्र काफी अच्छा माना जाता है। यहां नई गेंद से तेज गेंदबाजों को शुरुआत में मदद मिलने की संभावना रहती है, क्योंकि गेंद हवा में लहरा सकती है। जैसे-जैसे खेल आगे बढ़ता है, पिच धीमी होने लगती है, जिससे गेंदबाजों को अतिरिक्त सहारा मिलता है और बल्लेबाजों के लिए बड़े शॉट लगाना कठिन हो जाता है। इस मैदान पर स्पिन गेंदबाज भी प्रभावी साबित होते हैं, ऐसे में पाकिस्तान के उस्मान तारिक और भारत के वरुण चक्रवर्ती की भूमिका अहम रह सकती है। कोलंबो का मौसम भी बल्लेबाजों की चिंता बढ़ा रहा है, क्योंकि तेज हवा चलने पर गेंद और ज्यादा घूम व लहरा सकती है।

क्या कहता है मौसम का मिजाज?

मौसम पूर्वानुमान के मुताबिक कोलंबो में रविवार को दिनभर बारिश के आसार बने हुए हैं। सुबह के समय वर्षा की संभावना करीब 20 से 30 प्रतिशत बताई जा रही है, जबकि शाम 7 बजे तक इसके लगभग 40 प्रतिशत रहने का अनुमान है। ऐसे हालात में बारिश के कारण मुकाबला रद्द होने की आशंका भी बनी रहेगी। हालांकि यदि खेल शुरू हो भी जाता है, तो मौसम की स्थिति का असर पिच पर जरूर देखने को मिल सकता है, जिससे खेल की परिस्थितियां बदल सकती हैं।

लाइव स्ट्रीमिंग

टी20 विश्व कप के प्रसारण का अधिकार स्टार स्पोर्ट्स नेटवर्क के पास है, जहां दर्शक सभी मुकाबले टीवी पर देख सकते हैं। मैच की सीधी प्रसारण सुविधा जियोहॉटस्टार एप पर उपलब्ध रहेगी। साथ ही आप navbharatlive.com पर पल-पल के लाइव अपडेट्स भी पढ़ सकते हैं।

मुकाबले से जुड़ी अन्य महत्वपूर्ण जानकारियां

भारत और पाकिस्तान के बीच टी20 विश्व कप का मुकाबला 15 फरवरी, रविवार को खेला जाएगा। यह मैच कोलंबो के आर प्रेमदासा स्टेडियम में होगा और भारतीय समयानुसार शाम 7:00 बजे शुरू होगा। टॉस शाम 6:30 बजे होगा।

दोनों टीमों की संभावित प्लइंग इलेवन

भारत: ईशान किशन (विकेटकीपर), अभिषेक शर्मा, तिलक वर्मा, सूर्यकुमार यादव (कप्तान), हार्दिक पांड्या, शिवम दुबे, रिंकू सिंह, अक्षर पटेल, कुलदीप यादव, वरुण चक्रवर्ती, जसप्रीत बुमराह।

पाकिस्तान: सईम अयूब, साहबजादा फरहान, सलमान अली आगा (कप्तान), बाबर आजम, उस्मान खान, शादाब खान, फहीम अशरफ, शाहीन शाह अफरीदी, सलमान मिर्जा, अबरार अहमद, उस्मान तारिक।

भारत का स्क्वॉड

सूर्यकुमार यादव (कप्तान), अभिषेक शर्मा, तिलक वर्मा, संजू सैमसन, शिवम दुबे, ईशान किशन, हार्दिक पांड्या, अर्शदीप सिंह, जसप्रीत बुमराह, मोहम्मद सिराज, वरुण चक्रवर्ती, कुलदीप यादव, अक्षर पटेल, वॉशिंगटन सुंदर, रिंकू सिंह।

पाकिस्तान का स्क्वॉड

सलमान अली आगा (कप्तान), अबरार अहमद, बाबर आजम, फहीम अशरफ, फखर जमान, ख्वाजा नफे, मोहम्मद नवाज, मोहम्मद सलमान मिर्जा, नसीम शाह, साहिबजादा फरहान, सैम अयूब, शाहीन शाह अफरीदी, शादाब खान, उस्मान खान, उस्मान तारिक।

Show More

Related Articles

Back to top button