विश्व कप नहीं जीतेंगे… एशिया कप की टीम देख भड़के श्रीकांत, इन खिलाड़ियों के चयन पर उठाए सवाल

भारत के पूर्व मुख्य चयनकर्ता क्रिस श्रीकांत ने भारत के आगामी टी20 विश्व कप ट्रॉफी जीतने को लेकर चिंता जाहिर की है। उनका मानना है कि एशिया कप की प्रबल दावेदार टीम होने के बावजूद भारतीय टीम मौजूदा स्क्वॉड के साथ विश्व कप में टिक नहीं पाएगी। श्रीकांत का मानना है कि इस टीम के साथ भारत 2026 में विश्व कप नहीं जीत पाएगा। उन्होंने चयन विकल्पों की भी आलोचना की और बल्लेबाजी क्रम और कुछ खिलाड़ियों को शामिल करने के पीछे के तर्क पर सवाल उठाए।
पूर्व क्रिकेटर श्रीकांत ने अपने यूट्यूब चैनल पर कहा, ”हम शायद इस टीम के साथ एशिया कप जीत जाएं लेकिन इस टीम के साथ विश्व कप जीतने का कोई मौका नहीं है। क्या आप इस टीम को विश्व कप ले जा रहे हैं? क्या यह टी-20 विश्व कप की तैयारी है, जो मुश्किल से छह महीने दूर है?
उन्होंने आगे कहा, ”वे पीछे चले गए हैं। अक्षर पटेल को उप-कप्तानी से हटा दिया गया है। मुझे समझ नहीं आ रहा कि रिंकू सिंह, शिवम दुबे और हर्षित राणा कैसे टीम में आ गए। आईपीएल को चयन का मुख्य मानदंड माना जाता है, लेकिन चयनकर्ताओं ने इससे पहले प्रदर्शन पर विचार किया है।”
एशिया कप स्क्वॉड में शुभमन गिल की वापसी हुई है। उन्हें टी20 टीम का उपकप्तान चुना गया है। हाल ही में इंग्लैंड के खिलाफ टेस्ट सीरीज में वह भारतीय टेस्ट टीम के कप्तान भी थे। उनकी कप्तानी में भारत ने इंग्लैंड के खिलाफ पांच मैचों की टेस्ट सीरीज 2-2 से ड्रॉ की। गिल ने जुलाई 2024 में श्रीलंका के खिलाफ टी20 मैच खेला था। अक्षर पटेल को इंग्लैंड के खिलाफ जनवरी में हुई सीरीज में टी20 टीम का उपकप्तान बनाया गया था लेकिन अब ये जिम्मेदारी शुभमन गिल को सौंपी गई है।
उन्होंने आगे कहा, ”5वें नंबर पर कौन बल्लेबाजी करेगा? 5वें नंबर पर संजू सैमसन, जितेश शर्मा, शिवम दुबे या रिंकू सिंह में से कोई एक होना चाहिए। हार्दिक पांड्या आमतौर पर 5वें नंबर पर बल्लेबाजी करते हैं, इसलिए अब अक्षर छठे नंबर पर बल्लेबाजी नहीं कर सकते। मुझे समझ नहीं आ रहा कि उन्होंने दुबे को कैसे चुना। यशस्वी जायसवाल ने अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट और आईपीएल में भी अच्छा प्रदर्शन किया है। वो क्या करते हैं?”



