खेल जगत

प्रसिद्ध कृष्णा के नाम अनचाहा रिकॉर्ड, भारत के टेस्ट क्रिकेट के इतिहास में पहली बार हुआ ऐसा!

नई दिल्ली. लीड्स में जारी इंडिया वर्सेस इंग्लैंड पहले टेस्ट के तीसरे दिन का खेल खत्म होने तक भारत ने मेजबानों पर 96 रनों की लीड हासिल कर ली है। पहले बैटिंग करते हुए टीम इंडिया ने 471 रन बोर्ड पर लगाए थे, जिसके जवाब में इंग्लैंड ने 465 रन बनाए और वह मात्र 6 रनों से भारत से पीछे रह गए। इंग्लैंड के लिए इस दौरान ओली पोप ने शतक जड़ा, वहीं हैरी ब्रूक ने 99 रनों की पारी खेली। बल्लेबाजी में जहां यह दोनों छाए रहे, वहीं गेंदबाजी में जसप्रीत बुमराह ने पंजा खोल जलवा बिखेरा। इन सबके इतर प्रसिद्ध कृष्णा थे जिन्होंने 3 विकेट तो लिए मगर उनके नाम एक अनचाहा रिकॉर्ड जुड़ गया है। भारतीय टेस्ट क्रिकेट के इतिहास में किसी गेंदबाज की पहली बार इतनी कुटाई हुई है।

प्रसिद्ध कृष्णा ने लीड्स टेस्ट की दूसरी पारी में 20 ओवर गेंदबाजी की जिसमें उन्होंने बिना कोई मेडन ओवर डाले 128 रन खर्च किए। टेस्ट क्रिकेट में इससे ज्यादा तो कई गेंदबाजों ने रन खर्च किए होंगे, मगर गौर करने वाली बात इस दौरान प्रसिद्ध कृष्णा की इकॉनमी की है। इंग्लैंड की पारी के दौरान प्रसिद्ध कृष्णा की इकॉनमी 6.40 की रही।

प्रसिद्ध कृष्णा इसी के साथ 6 से अधिक की इकॉनमी के साथ एक पारी में सबसे ज्यादा रन खर्च करने वाले भारतीय गेंदबाज बन गए हैं। उनसे ज्यादा भारतीय टेस्ट क्रिकेट के इतिहास में 6 से अधिक की इकॉनमी के साथ किसी गेंदबाज ने रन खर्च नहीं किए हैं। प्रसिद्ध कृष्णा से पहले यह रिकॉर्ड मुरली कार्तिक के नाम था जिन्होंने 2004 में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ सिडनी टेस्ट में 122 रन खर्च किए थे।
6 से अधिक की इकॉनमी के साथ एक टेस्ट पारी में सबसे ज्यादा रन देने वाले भारतीय गेंदबाज-

128 – प्रसिद्ध कृष्णा बनाम इंग्लैंड, लीड्स (2025)*

122 – मुरली कार्तिक बनाम ऑस्ट्रेलिया, सिडनी (2004)

108 – अतुल वासन बनाम न्यूजीलैंड, ऑकलैंड (1990)

98 – मोहम्मद सिराज बनाम इंग्लैंड, बर्मिंघम (2022)

96 – श्रीसंत बनाम वेस्टइंडीज, सेंट जॉन्स (2006)

तीसरे दिन का खेल खत्म होने तक भारत ने अपनी दूसरी पारी में 2 विकेट के नुकसान पर 90 रन बोर्ड पर लगा दिए हैं। केएल राहुल अर्धशतक के करीब हैं, वहीं उनका साथ कप्तान शुभमन गिल दे रहे हैं। भारत को दो झटके यशस्वी जायसवाल और बी साई सुदर्शन के रूप में लगे।

Show More

Related Articles

Back to top button