हमर छत्तीसगढ़

जनजातीय गौरव दिवस: अंबिकापुर में 20 नवंबर को राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू होंगी मुख्य अतिथि

अंबिकापुर। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू 20 नवंबर को छत्तीसगढ़ के अंबिकापुर दौरे पर आएंगी। इस अवसर पर वे भगवान बिरसा मुंडा जयंती के उपलक्ष्य में आयोजित होने वाले जनजातीय गौरव दिवस समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगी। राष्ट्रपति के आगमन को लेकर प्रशासन ने तैयारियां शुरू कर दी हैं।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ऐलान के बाद से 15 नवंबर को पूरे देश में भगवान बिरसा मुंडा की जयंती जनजातीय गौरव दिवस के रूप में मनाई जाती है। इस वर्ष अंबिकापुर में यह उत्सव बड़े पैमाने पर आयोजित किया जा रहा है। कार्यक्रम 19 और 20 नवंबर को पीजी कॉलेज मैदान में दो दिवसीय भव्य आयोजन के रूप में होगा, जिसमें राष्ट्रपति मुर्मू की उपस्थिति मुख्य आकर्षण रहेगी।

इस दौरान वे प्रदेश के विभिन्न जनजातीय समुदायों के प्रतिनिधियों से मुलाकात करेंगी और राज्य में आदिवासी गौरव एवं संस्कृति के संरक्षण पर अपने विचार साझा करेंगी। अंबिकापुर में इस आयोजन को लेकर माहौल उत्साहपूर्ण है और प्रशासनिक स्तर पर सुरक्षा व व्यवस्थाओं को लेकर तैयारियां तेजी से चल रही हैं।

कार्यक्रम की रूपरेखा तय करने के लिए 3 नवंबर को नवा रायपुर में आदिम जाति विकास मंत्री रामविचार नेताम की अध्यक्षता में समीक्षा बैठक हुई। बैठक में प्रमुख सचिव सोनमणि बोरा, आयुक्त डॉ. सारांश मित्तर, संयुक्त सचिव बी.एस. राजपूत, अपर संचालक संजय गौड़, नोडल अधिकारी गायत्री नेताम सहित कई वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे। सरगुजा संभाग के सभी जिलों के सहायक आयुक्त भी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से जुड़े।

Show More

Related Articles

Back to top button