संघ और मोदी-शाह नहीं ये नेता चुनेगा पार्टी अध्यक्ष! RSS का करीबी और संगठन में है मजबूत पकड़

नई दिल्ली: बीजेपी के कार्यसमिति की बैठक से पहले नए राष्ट्रीय के ऐलान को काफी अहम माना जा रहा है। सियासी गलियारों में चर्चा है कि बीजेपी के नए राष्ट्रीय अध्यक्ष में अब और देरी नहीं होगी। इसी महीने नए राष्ट्रीय अध्यक्ष के चेहरे से सस्पेंस खत्म हो जाएगा। अब संसद का बजट सत्र खत्म हो चुका है। ऐसे में बीजेपी के संगठनात्मक चुनावों में तेजी की उम्मीद है। संघ के सूत्रों की मानें तो नए अध्यक्ष के चयन में संघ, प्रधानमंत्री मोदी और अमित शाह के साथ-साथ केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी की भी भूमिका अहम हो सकती है।
बता दें कि 2009 से 2013 तक भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष रह चुके नितिन गडकरी अभी भी संघ नेतृत्व की गुडबुक में बने हुए हैं। नागपुर दौरे में नितिन गडकरी पूरे दौरे में फडणवीस के साथ प्रधानमंत्री मोदी और संघ नेताओं के साथ मौजूद रहे थे।
कब तक हो सकता है ऐलान?
भाजपा ने नए राष्ट्रीय अध्यक्ष के ऐलान को लेकर तो कई डेडलाइन निकल चुकी हैं। बीजेपी ने 18 अप्रैल को राष्ट्रीय कार्यकारिणी परिषद की बैठक रखी है। इस बैठक में पार्टी के नए अध्यक्ष का ऐलान संभव है। अगर कुछ देरी होती है फिर भी अप्रैल महीने में ही जेपी नड्डा के उत्तराधिकारी का ऐलान हो जाएगा। सूत्रों की मानें तो अगले कुछ दिनों में संगठन चुनाव पूरा हो जाएगा। 13 राज्यों में अध्यक्षों का ऐलान पहले ही हो चुका है। 19 राज्यों में अभी ऐलान होना बाकी है। राष्ट्रीय अध्यक्ष के लिए 19 राज्यों के प्रदेश अध्यक्ष का चुनाव होना आवश्यक है।
नए अध्यक्ष की नियुक्ति प्राथमिकता
जेपी नड्डा को जून 2019 में कार्यकारी अध्यक्ष और जनवरी 2020 में राष्ट्रीय अध्यक्ष बनाया गया था। तीन साल का कार्यकाल पूरा होने के बाद जनवरी 2023 में लोकसभा चुनाव को देखते हुए उनका कार्यकाल जून 2024 तक बढ़ा दिया गया। अब जब चुनावी तैयारी के बीच संगठन को नई ऊर्जा देने की जरूरत महसूस की जा रही है, तो नए अध्यक्ष की नियुक्ति स्वाभाविक रूप से प्राथमिकता बन गई है।
भारतीय जनता पार्टी के नियम के अनुसार बीजेपी अध्यक्ष का कार्यकाल 3 साल का होता है। एक व्यक्ति 2 बार से अधिक पार्टी का अध्यक्ष नहीं बन सकता। ऐसे में अब पार्टी के नए अध्यक्ष को 12 अहम चुनाव अपने कार्यकाल में कराने होंगे।
- 2025: बिहार विधानसभा चुनाव
- 2026:पश्चिम बंगाल, तमिलनाडु, केरल, असम विधानसभा चुनाव
- 2027: उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड, पंजाब, गोवा, मणिपुर विधानसभा, राष्ट्रपति और उपराष्ट्रपति चुनाव